Coronavirus COVID 19: काजोल-नीसा की सेहत से जुड़ी ख़बर पर अजय देवगन ने दी प्रतिक्रिया
Coronavirus COVID 19 Lockdown कुछ दिन पहले ही नीसा भी सिंगापुर से लौटी थीं। काजोल उन्हें लेने एयरपोर्ट भी गयी थीं जिसकी तस्वीरें मीडिया में आयी थीं। नीसा सिंगापुर में पढ़ रही हैं
नई दिल्ली, जेएनएन। Coronavirus COVID 19 के प्रकोप के बीच कुछ ग़लत सूचनाओं और अफ़वाहों का भी दौर जारी है। अपुष्ट सूचनाएं सोशल मीडिया के ज़रिए फैलती रहती हैं। ऐसी ही एक ग़लत ख़बर ने अजय देवगन को बेचैन कर दिया। उन्होंने इस ख़बर का खंडन ट्विटर पर किया।
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, एक न्यूज़ पोर्टल ने ख़बर दे दी थी कि नीसा कोरोना वायरस के संक्रमण के लिए पॉज़िटिव पायी गयी हैं। उनकी तबीयत ख़राब है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस सूचना से बॉलीवुड में सनसनी मच गयी और नीसा की सेहत के बारे में अजय से लोग पूछने लगे। आख़िरकार, अजय को ट्विटर के ज़रिए सही बात बतानी पड़ी। अजय ने इसे ग़लत बताते हुए ट्वीट किया- पूछने के लिए शुक्रिया। काजोल और नीसा बिल्कुल ठीक हैं। उनकी सेहत को लेकर चल रही ख़बर बेबुनियाद, झूठी और आधारहीन हैं।
Thank you for asking. Kajol & Nysa are absolutely fine. The rumour around their health is unfounded, untrue & baseless🙏— Ajay Devgn (@ajaydevgn) March 30, 2020
अजय देवगन और काजोल अपने दोनों बच्चों नीसा और युग के साथ मुंबई में ही सेल्फ़ आइसोलेशन में हैं। काजोल ने कुछ दिन पहले अपनी एक तस्वीर भी पोस्ट की थी, जिसके साथ उन्होंने बताया था कि वो क्वारंटाइन में हैं।
कुछ दिन पहले ही नीसा सिंगापुर से लौटी थीं। काजोल उन्हें लेने एयरपोर्ट भी गयी थीं, जिसकी तस्वीरें मीडिया में आयी थीं। नीसा सिंगापुर में पढ़ रही हैं। वहां कोरोना की वजह से शिक्षण संस्थान बंद होने की वजह से नीसा मुंबई अपने घर लौट आयी थीं।
अजय देवगन इस साल तानाजी- द अनसंग वॉरियर में नज़र आये थे, जिसके बॉक्स ऑफ़िस पर शानदार प्रदर्शन किया था और 270 करोड़ के आसपास कलेक्शन किया था। इसके बाद अजय रोहित शेट्टी की सूर्यवंशी में स्पेशल रोल में दिखने वाले थे, जिसकी रिलीज़ डेट अब खिसक गयी है। पहले फ़िल्म 24 मार्च को रिलीज़ होने वाली थी। इसे कोविड 19 के प्रकोप और सिनेमाघर बंद होने की वजह से आगे खिसकाया गया है।