Coronavirus: शूटिंग हुई बंद तो 'विलेन' बना 'हीरो', कर्मचारियों की मदद के लिए सामने आए प्रकाश राज
प्रकाश राज ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए अपने सभी कर्मचारियों (स्टॉफ) को मई तक की सैलरी एडवांस में दे दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। फ़िल्मों में अक्सर विलेन का किरदार निभाने वाले प्रकाश राज कोरोना वायरस आउटब्रेक के टाइम पर हीरो बनकर सामने आए हैं। कोविड -19 (Covid-19) के प्रकोप से बचने के लिए फ़िल्मों और टीवी शोज़ की शूटिंग बंद हो गई है। ऐसे में फ़िल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इस बीच प्रकाश राज ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए, अपने सभी कर्मचारियों (स्टॉफ) को मई तक की सैलरी एडवांस में दे दी है।
सैलरी एडवांस में देने की जानकारी खु़द प्रकाश राज ने अपने ऑफ़िशियल ट्विटर अकाउंट से दी है। 22 मार्च को किए गए एक ट्वीट में प्रकाश राज ने लिखा, 'जनता कर्फ्यू में अपने रिज़र्व फंड्स देखें। फॉर्म हाउस, फ़िल्म प्रोडक्शन और पर्सनल स्टाफ की मदद करने के लिए उन्हें मई तक की एडवांस सैलरी दे दी गई है। सोशल डिस्टेसिंग की वजह से तीन फ़िल्मों की शूटिंग रोक दी गई है। ऐसे में इसमें काम करने वाले डेली वेज वर्कर्स की कम से कम आधी सैलरी देने का प्रयास है। मैं जितना कर सकता हूं, उतना करना जारी रखूंगा। आप भी लोगों की मदद करिए, क्योंकि यह समय एक-दूसरे के साथ खड़े होने की है।'
#JanathaCurfew .. what I did today .. let’s give back to life .. let’s stand together.🙏🙏 #justasking pic.twitter.com/iBVW2KBSfp— Prakash Raj (@prakashraaj) March 22, 2020
गौरतलब है कोरोना वायरस की वजह से देश के कई राज्यों में लॉकडाउन है। ऐसे में फ़िल्मों की शूटिंग बंद है। दिहाड़ी वेतन पर काम करने वालों के मदद के लिए लोग सामने आ रहे हैं। इससे पहले प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने भी मदद के लिए कुछ कदम उठाए हैं। उन्होंने वेतन को सुनिश्चिच कराने की कोशिश की है। वहीं, डेली वेज वर्कर के लिए फंड बनाने की भी घोषणा की है। वहीं, 'आर्टिकल 15' और 'थप्पड़' जैसी फ़िल्में बनाने वाले अनुभव सिन्हा आस-पास लोगोंं को अनाज बाटने की कोशिश कर रहे हैं।
आपको बता दें कि प्रकाश राज साउथ इंडियन फ़िल्मों के स्टार एक्टर हैं। हालांकि, उनका हिंदी फ़िल्मों भी अच्छा ख़ास दखल है। वह सलमान ख़ान की फ़िल्म 'वांटेड' में गनी भाई के रोल से काफी फेमस हुए थे। इसके बाद अजय देवगन की फ़िल्म 'सिंघम' में उन्होंने जयकांत शिक्रे का किरदार निभाया था।