Congress CWC Meeting: फ़िल्ममेकर अनुभव सिन्हा ने कसा तंज़- 'दो-चार उच्चवर्गीय पत्रकार हैं, उन्हें बना दें कांग्रेस अध्यक्ष'
Congress CWC Meeting कांग्रेस में चल रही उठापठक और सोशल मीडिया की बहस पर अनुभव सिन्हा ने तंज कसा है। यहां पढ़िए पूरा ट्वीट...
नई दिल्ली, जेएनएन। Congress CWC: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) के नेताओं के बीच घमासान मचा हुआ है। 23 नेताओं की चिट्ठी लिखने के बाद कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की मीटिंग हुई। हालांकि, कुछ भी बदलाव देखने को नहीं मिला। सोनिया गांधी अब भी कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष बनी हुई हैं। इस विषय पर इंटरनेट की दुनिया में जबरदस्त बहस छिड़ गई है। ऐसे समय में जब बॉलीवुड पॉलिटिकली काफी एक्टिव है, तो इस मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया स्वाभाविक है। फ़िल्ममेकर अनुभव सिन्हा ने इस विषय पर अपनी दिलचस्प प्रतिक्रिया दी है।
आर्टिकल 15 और थप्पड़ जैसी बेहतरीन फ़िल्में बनाने वाले फ़िल्ममेकर अनुभव सिन्हा ने इस मुद्दे पर जोरदार तंज कसा है। उन्होंने अपने ऑफ़िशियल ट्विटर अकाउंट पर लिखा -'दो-चार ठो उच्चवर्गीय पत्रकार हैं, उन्हीं को कांग्रेस का अध्यक्ष बना देना चाहिए, वो बेहतर चलाएंगे पार्टी। अपना काम तो होता नहीं है ईमानदारी से, बने हैं लोग सियासतदान।' अनुभव के इस ट्वीट पर भी चर्चा हो रही है। इस ट्वीट को अबतक करीब 7 हजार लाइक्स मिल चुके हैं।
आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले कांग्रेस के 23 बड़े नेताओं ने चिट्ठी लिखी थी, जिसमें पार्टी चलाने के लिए नेतृत्व परिवर्तन की मांग की गई थी। इसके बाद सोमवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें काफी हंगामा मचा। कथित रूप से राहुल गांधी के बयान से गुलाम नबी आजाद और कपिल सिब्बल नाराज हो गए। आखिर में फैसला लिया गया कि सोनिया गांधी अगले 6 महीने तक अंतरिम अध्यक्ष बनी रहेंगी।
वहीं, अगर अनुभव सिन्हा की बात करें, तो वे इस वक्त कुछ नई फ़िल्मों को लेकर बिज़ी हैं। हाल में आर्टिकल 15 और थप्पड़ जैसी फ़िल्मों को मिली लोकप्रियता के बाद वह कोविड-19 पर एक एंथोलॉजी फ़िल्म बना रहे हैं। इसमें उनके साथ हंसल मेहता, सुधीर मिश्रा, केतन मेहता और सुभाष कपूर जैसे निर्देशक भी शामिल हैं। इसके अलावा, वह साल 2007 में रिलीज हुई ऑस्ट्रेलियाई हॉरर फिल्म 'ब्लैक वॉटर' से संबंधित फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। अब देखना है कि कौन-सी फ़िल्म पहले रिलीज़ होती है?