Chhichhore Box Office Collection Day 7: गणपति विसर्जन पर छिछोरे की कमाई में उछाल, पहले हफ़्ते में इतनी कमाई
Chhichhore Box Office Collection Day7 वर्किंग वीक में लगभग 32.25 करोड़ जमा किये हैं। कलेक्शंस में निरंतरता इस बात का संकेत है कि छिछोरे दर्शकों को खींच रही है मगर इससे आगे क्या?
नई दिल्ली, जेएनएन। Chhichhore Box Office Collection Day 7: सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर की फ़िल्म छिछोरे की रिलीज़ को एक हफ़्ता पूरा हो गया और इस दौरान फ़िल्म ने ज़बर्दस्त प्रदर्शन किया। छिछोरे उन फ़िल्मों में शामिल हो गयी है, जिन्हें दर्शक का प्यार उनकी क्वालिटी की वजह से मिलता है। ट्रेड जानकारों के मुताबिक, गुरुवार को फ़िल्म ने लगभग 7 करोड़ से अधिक बटोर लिये, जिसके चलते फ़िल्म का पहले हफ़्ते में नेट कलेक्शन क़रीब 68 करोड़ से अधिक हो गया है।
6 सितम्बर को रिलीज़ हुई छिछोरे का अगर पहले हफ़्ते का सफ़र देखें तो बेहद दिलचस्प रहा है। फ़िल्म ने 7.32 करोड़ की ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन यानि शनिवार को 12.25 करोड़ मिले और तीसरे दिन यानि रविवार को 16.41 करोड़ बटोरे। इसके बाद वर्किंग वीक शुरू हुआ और फ़िल्म के कलेक्शंस में गिरावट आयी, फिर भी पहले सोमवार को फ़िल्म ने 8.10 करोड़ जुटा लिये।
मंगलवार को मुहर्रम की आंशिक छुट्टी में कलेक्शंस उछले और 10.05 करोड़ जमा किये। बुधवार को भी 7.20 करोड़ बटोर लिये। वहीं गुरुवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में फिर इजाफ़ा हुआ और 7.50 करोड़ जमा कर लिये। अनंत चतुर्दशी के आंशिक अवकाश का फ़िल्म को फ़ायदा हुआ। पहले हफ़्ते में छिछोरे ने 68.83 करोड़ का धांसू कलेक्शन किया है।
#Chhichhore surpasses all expectations, estimations and calculations... Packs a fantastic total in Week 1... En route ₹ 💯 cr... Fri 7.32 cr, Sat 12.25 cr, Sun 16.41 cr, Mon 8.10 cr, Tue 10.05 cr, Wed 7.20 cr, Thu 7.50 cr. Total: ₹ 68.83 cr. #India biz. HIT. — taran adarsh (@taran_adarsh) September 13, 2019
अब अगर पहले हफ़्ते में फ़िल्म के कलेक्शंस देखें तो ओपनिंग वीकेंड में जहां इसे 35.98 करोड़ मिले, वहीं सोमवार से गुरुवार के बीच वर्किंग वीक में लगभग 32.85 करोड़ जमा किये है। ज़ाहिर है कलेक्शंस में एक निरंतरता बनी हुई है, जो इस बात का संकेत है कि छिछोरे दर्शकों को खींच रही है।
अब दूसरे वीकेंड में छिछोरे की टक्कर ड्रीम गर्ल से होगी, जो आज (13 सितम्बर) को रिलीज़ हो गयी है। ड्रीम गर्ल को समीक्षकों ने काफ़ी सराहा है और उसे संपूर्ण मनोरंजक फ़िल्म माना जा रहा है। ऐसे में आयुष्मान खुराना की ड्रीम गर्ल छिछोरे के लिए कड़ी चुनौती साबित होगी। अगर अपने दूसरे वीकेंड में छिछोरे अच्छा बिज़नेस कर लेती है तो 100 करोड़ तक का सफ़र थोड़ा आसान हो जाएगा।
दंगल जैसी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म देने के बाद निर्देशक नितेश तिवारी छिछोरे लेकर आये। यह भी फ़िल्म के लिए उत्सुकता जगाने वाला फैक्टर था। वहीं, लगभग सभी समीक्षकों ने फ़िल्म को अच्छे नंबर दिये थे। छिछोरे की कामयाबी से सबसे ज़्यादा ख़ुश फ़िल्म की लीडिंग लेडी श्रद्धा कपूर होंगी, जिनकी साहो के बाद छिछोरे भी सफल रही है। छिछोरे कुछ दोस्तों के ग्रुप की कहानी है, जो कॉलेज छोड़ने के कई साल बाद एक-दूसरे के मिलते हैं, मगर इसके पीछे एक ख़ास मक़सद होता है। हालांकि तब तक इन सभी की ज़िंदगी बहुत बदल चुकी होती है।