Cannes में प्रियंका चोपड़ा के अपनेपन से इमोशनल हुईं Hina Khan, नोट लिख ज़ाहिर किये जज़्बात
Hina Khan in Cannes 2019 हिना इस बात से भावुक हैं कि प्रियंका ने इंटरनेशनल सेलेब्रिटी होते हुए उन्हें सम्मान दिया। उन्हें दूसरे सेलेब्रिटीज़ के सामने एक स्टार के तौर पर पेश किया।
मुंबई। Cannes Film Festival 2019 में छोटे पर्दे की स्टार हिना ख़ान (Hina Khan) ने डेब्यू किया है, वहीं ग्लोबल सेलेब्रिटी बन चुकीं प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) ने भी इस फ़िल्म समारोह में पहली बार शिरकत की। मगर, हिना के लिए Cannes का यह अनुभव प्रियंका चोपड़ा की वजह से बेहद ख़ास बन गया है।
हिना इस बात से गदगद और साथ ही भावुक भी हैं कि प्रियंका ने इंटरनेशनल सेलेब्रिटी होते हुए किस तरह उन्हें सम्मान दिया और उन्हें दूसरे सेलेब्रिटीज़ के सामने एक स्टार के तौर पर ही पेश किया। प्रियंका कान फ़िल्म समारोह में अपने बेटर हाफ़ निक जोनस के साथ शामिल हुईं। हिना ने निक की तारीफ़ भी अपने नोट में की है। हिना के नोट के मुताबिक़ उन्हें इस बात की उम्मीद नहीं थी कि प्रियंका उन्हें ख़ुद निमंत्रित करेंगी। हिना ने ख़ुद को जाने के लिए तैयार कर लिया, लेकिन वो तभी तक बाहरी थीं, जब तक प्रियंका से मिली नहीं थीं। प्रियंका के अपनेपन से प्रभावित हिना बताती हैं कि प्रियंका ने एक पल के लिए भी उनका हाथ नहीं छोड़ा। उन्हें ऐसे लोगों से मिलवाया, जिनसे मुलाक़ात करना हिना के लिए सम्भव भी नहीं था। उनका परिचय भारत की स्टार के तौर पर करवाया।
नोट में हिना ने अपने टेलीविज़न करियर पर फ़ख्र करते हुए लिखा है कि टीवी को लेकर दकियानूसी सोच को वो हमेशा से ख़त्म करना चाहती थीं। वो दुनिया को बताना चाहती थीं कि टीवी एक्टर्स के पास सब कुछ है- टैलेंट, ग्लैमर, एलिगेंस, ब्यूटी, ग्रेस, सही एटीट्यूड और प्रोफ़शनलिज़्म। हिना ने कहा कि वो इस तरह के छोटे-छोटे स्टेप्स लेती रहेंगी, इसके लिए उन्हें चाहे जितनी आलोचना सहनी पड़े।
प्रियंका के लिए हिना ने लिखा- ''तुम चलती-फिरती प्रेरणा हो। अगर आत्मविश्वास, गरिमा, विनम्रता और महानता जैसे गुणों को मानवीय रूप दिया जाए तो वो सिर्फ़ तुम बन सकती हो प्रियंका चोपड़ा। मैं ख़ुद को जिस तरह बनाने का सपना देखती हूं, तुम बिल्कुल वही हो। यह असली प्रियंका चोपड़ा है, जो दूसरों को आगे बढ़ाने और ऊपर उठने में मदद करती हैं।'' हिना ने निक जोनस को स्वीट हार्ट बताया है।
बताते चलें कि Cannes के रेड कार्पेट पर हिना को देखकर एक मशहूर फ़िल्म मैगज़ीन के एडिटर ने टिप्पणी की थी कि कान चांदीवली स्टूडियो बन गया है। इसके बाद सोशल मीडिया में एडिटर की जमकर खिंचाई हुई और उन्होंने अपनी इस टिप्पणी को डिलीट कर दिया था। हिना के समर्थन में तमाम सेलेब्रिटीज़ आ गये थे। हिना के इस नोट में उस टिप्पणी का दर्द भी झलकता है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप