Move to Jagran APP

Box Office: 200 करोड़ के साथ 'उरी' ने रचा इतिहास, दुर्लभ है विक्की कौशल का यह रिकॉर्ड!

उरी के ₹200 करोड़ करने के साथ ही विक्की कौशल इस क्लब में पहुंचने वाले सबसे यंग एक्टर बन गये हैं। ग़ौरतलब है कि विक्की अभी 30 साल के हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Tue, 05 Feb 2019 11:28 AM (IST)Updated: Sat, 09 Feb 2019 09:15 PM (IST)
Box Office: 200 करोड़ के साथ 'उरी' ने रचा इतिहास, दुर्लभ है विक्की कौशल का यह रिकॉर्ड!
Box Office: 200 करोड़ के साथ 'उरी' ने रचा इतिहास, दुर्लभ है विक्की कौशल का यह रिकॉर्ड!

मुंबई। विक्की कौशल की फ़िल्म 'उरी द सर्जीकल स्ट्राइक' ने गुरुवार को चार हफ़्ते पूरे कर लिये और इसके साथ ही बॉक्स ऑफ़िस पर इतिहास बना दिया है। उरी 2019 की पहली ₹200 करोड़ कमाने वाली फ़िल्म बन चुकी है, मगर इसके साथ विक्की कौशल ने जो रिकॉर्ड बनाया है, वो अद्भुत है। 

loksabha election banner

इस रिकॉर्ड के बारे में बताएंगे, मगर पहले बॉक्स ऑफ़िस पर 'उरी' के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन की स्थिति जान लेते हैं। 11 जनवरी को रिलीज़ हुई 'उरी' ने 7 फरवरी को चार हफ़्तों को सफ़र पूरा कर लिया।  चौथे हफ़्ते में उरी ने शुक्रवार को ₹3.44 करोड़, शनिवार को ₹6.62 करोड़, रविवार को ₹8.88 करोड़, सोमवार को ₹2.86 करोड़, मंगलवार को ₹2.63 करोड़, बुधवार को ₹2.40 करोड़ और गुरुवार को ₹2.19 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके साथ 'उरी' का 28 दिनों का कलेक्शन ₹200.07 करोड़ हो गया है। इस उपलब्धि से गदगद विक्की कौशल ने दर्शकों का आभार जताया है।

सिर्फ़ चौथे हफ़्ते में उरी ने ₹29.02 करोड़ का कारोबार किया है। चौथे हफ़्ते में इतनी कमाई करने वाली 'उरी', 'बाहुबली2' के बाद भारतीय सिनेमा की दूसरी फ़िल्म बन गयी है। ₹511 करोड़ का कलेक्शन करने वाली 'बाहुबली2' ने ₹29.40 करोड़ चौथे हफ़्ते में कमाये थे। 'उरी' का चौथा हफ़्ता दंगल, संजू, पीके, टाइगर ज़िंदा है, बजरंगी भाईजान, पद्मावत और सुल्तान से भी अधिक रहा है। ज़ाहिर है कि 'उरी' ने Slow but steady wins the race की मिसाल पेश की है। 

उरी के ₹200 करोड़ करने के साथ ही विक्की कौशल इस क्लब में पहुंचने वाले सबसे यंग एक्टर बन गये हैं। ग़ौरतलब है कि विक्की अभी 30 साल के हैं। अभी तक यह रिकॉर्ड रणवीर सिंह के नाम था। पिछले साल आयी रणवीर की पद्मावत ने ₹300 करोड़ का कारोबार किया था और रणवीर को ₹200 और ₹300 करोड़ क्लबों में पहुंचाया था। उस वक़्त रणवीर की उम्र 32 साल थी। हालांकि ₹300 करोड़ में पहुंचने वाले रणवीर अभी भी सबसे कम उम्र एक्टर हैं। दिलचस्प बात यह है कि रणवीर और विक्की कौशल अब करण जौहर की तख़्त में साथ आएंगे।

अगर ₹200 करोड़ क्लब में पहुंचने वाले दूसरे एक्टर्स की बात करें तो बढ़ती उम्र के अनुसार लिस्ट इस प्रकार है-  

  • रणबीर कपूर 2018 में संजू के साथ ₹200 और ₹300 करोड़ क्लब के सदस्य बने। संजू ने ₹341 करोड़ का कलेक्शन किया था। रणबीर की उम्र 35 साल थी। संयोग से इस फ़िल्म में रणबीर के जोड़ीदार विक्की ही थे, जिनके काम को ख़ूब सराहा गया।
  • रितिक रोशन ने ₹200 करोड़ क्लब के दर्शन पहली बार 2013 में किये थे। उनकी फ़िल्म कृष 3 ने ₹240 करोड़ जमा किये थे। उस वक़्त रितिक की उम्र 39 साल थी।
  • ₹200 करोड़ क्लब की शुरुआत आमिर ख़ान ने 2009 में 3 ईडिट्स से की थी, जिसने ₹202 करोड़ का कलेक्शन किया था। तब आमिर 43 साल के थे।
  • अजय देवगन ने ₹200 करोड़ क्लब के दरवाज़े पर 2017 में दस्तक दी थी। उनकी फ़िल्म गोलमाल अगेन ने ₹205 करोड़ का कलेक्शन किया था। उस वक़्त 47 साल के थे।
  • ₹200 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली शाह रुख़ ख़ान की पहली फ़िल्म चेन्नई एक्सप्रेस है, जो 2013 में आयी थी। इस फ़िल्म ने ₹226 करोड़ का कलेक्शन किया था। उस वक़्त शाह रुख़ 47 साल के थे।   
  • सलमान ख़ान ने किक से ₹200 करोड़ क्लब में 2014 में एंट्री ली थी। इस फ़िल्म ने ₹233 करोड़ का कलेक्शन किया था। सलमान उस वक़्त 49 साल के थे।

जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय फौज द्वारा पाकिस्तान की सीमा में घुसकर सर्जीकल स्ट्राइक्स करने की कहानी पर बनी 'उरी द सर्जीकल स्ट्राइक' बॉक्स ऑफ़िस पर नये कीर्तिमान बना रही है। 'उरी' सही मायनों में विक्की कौशल की पहली फ़िल्म है, जिसमें उन्होंने लीड रोल निभाया है और फ़िल्म उनके कंधों पर टिकी है। ऐसे में उरी की कामयाबी विक्की के करियर को ज़बर्दस्त पुश देने वाली है। उरी में यामी गौतम, मोहित रैना, परेश रावल और कीर्ति कुल्हरी अहम भूमिका में हैं। परेश रावल का किरदार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहाकार अजीत डोभाल से प्रेरित है। वहीं, रजित कपूर प्रधान मंत्री के किरदार में हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.