श्रीदेवी को मिला साउथ सिनेमा का प्रतिष्ठित अवॉर्ड, पुरस्कार लेने के बाद भावुक हुए बोनी कपूर
बोनी कपूर उस वक्त भावुक हो गए जब उन्होंने श्रीदेवी के बिहाफ पर प्रोड्यूसर अक्कीनेनी नागेश्वर राव के नाम पर दिए जाने वाले एएनआर नेशनल अवॉर्ड को ग्रहण किया।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी के पति बोनी कपूर उस वक्त भावुक हो गए, जब उन्हें उनकी पत्नी के बिहाफ पर एएनआर नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया जा रहा था। दरअसल, साउथ के मशहूर एक्टर और प्रोड्यूसर अक्कीनेनी नागेश्वर राव के नाम पर दिए जाने वाले इस एएनआर नेशनल अवॉर्ड के लिए श्रीदेवी को चुना गया था और श्रीदेवी के बिहाफ पर बोनी कपूर ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। श्रीदेवी ने बॉलीवुड फिल्मों के साथ ही दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी काफी योगदान दिया था।
श्रीदेवी के स्थान पर अवॉर्ड लेने के बाद पति बोनी कपूर लोगों को संबोधित कर रहे थे। उस दौरान बोनी कपूर अपनी भावनाओं को रोक नहीं सके और भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू झलक आए। इसके बाद समारोह का माहौल भी गमगीन हो गया। पुरस्कार ग्रहण करने के बाद बोनी कपूर ने श्रीदेवी के फिल्मी सफर और निजी जीवन से जुड़ी कुछ यादों को शेयर किया।
इस दौरान बोनी कपूर ने कहा, 'मुझे यकीन है कि उन्हें यह पुरस्कार पाने के बाद विनम्रता महसूस होती और मैं विनम्रता के साथ उनकी ओर से इसे स्वीकार करता हूं। बता दें कि इस दौरान श्रीदेवी के साथ रेखा को भी साउथ सिनेमा में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया गया और फिर रेखा ने भी अपनी स्पीच में श्रीदेवी का जिक्र किया और उन्हें याद किया।
गौरतलब है कि श्रीदेवी ने साउथ इंडियन डेब्यू, तमिल फिल्म कंदल करुणई से 4 साल की उम्र में किया था। उन्होंने कई बड़े साउथ इंडियन सिनेमा में भी कई स्टार्स के साथ फिल्में कीं। श्रीदेवी का 24 फरवरी 2018 में दुबई में निधन हो गया था।