Move to Jagran APP

बॉलीवुड की वो जोड़ियां, जो बन गई प्यार की परिभाषा

बॉलीवुड सितारों के बीच प्रेम कोई नई बात नहीं है, लेकिन हिंदी फिल्मों में कई जोड़ियां ऐसी भी हैं, जिन्होंने अपने रील और रियल लाइफ के प्यार से युवाओं को रोमांस करने के लिए प्रेरित किया। इनमें से कुछ रील लाइफ की जोड़ियां रियल लाइफ जोड़ियां बन गई तो कुछ की प्रेम कहानी अधूरी ही रह गई।

By Edited By: Published: Fri, 14 Feb 2014 01:30 PM (IST)Updated: Fri, 14 Feb 2014 03:32 PM (IST)
बॉलीवुड की वो जोड़ियां, जो बन गई प्यार की परिभाषा

मुंबई। बॉलीवुड सितारों के बीच प्रेम कोई नई बात नहीं है, लेकिन हिंदी फिल्मों में कई जोड़ियां ऐसी भी हैं, जिन्होंने अपने रील और रियल लाइफ के प्यार से युवाओं को रोमांस करने के लिए प्रेरित किया। इनमें से कुछ रील लाइफ की जोड़ियां रियल लाइफ जोड़ियां बन गई तो कुछ की प्रेम कहानी अधूरी ही रह गई। बॉलीवुड की ऐसी ही टॉप वेलेंटाइन जोड़ियों से कराते हैं आपकी मुलाकात।

loksabha election banner

पढ़ें : जब कट्रीना का दिल सलमान के लिए धड़का

शाहरुख-काजोल : फिल्म बाजीगर से इस जोड़ी ने प्यार के ऐसे तराने छेड़े कि प्रेमी जोड़ों के रोल मॉडल बन गए। दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे के बाद इसे बॉलीवुड की बेस्ट जोड़ी कहा जाने लगा। दोनों ने कुछ-कुछ होता है, कभी खुशी कभी गम और माई नेम इज़ खान जैसी फिल्मों में बेहतरीन कैमिस्ट्री दिखाई। हालांकि रियल लाइफ में दोनों के बीच कभी प्यार की खबर नहीं आई।

अमिताभ-रेखा: कहा जाता है कि दोनों के बीच प्यार की शुरुआत फिल्म दो अंजाने से हुई थी। दोनों ने खून पसीना, मिस्टर नटरवरलाल, सिलसिला, मुकद्दर का सिकंदर, राम-बलराम समेत कई फिल्में कीं। सिलसिला दोनों की आखिरी फिल्म थी, जो उनकी रियल लाइफ पर बनी। इस फिल्म को बनाने वाले यश चोपड़ा ने बाद में बताया कि सिलसिला शुरू होने से पहले अमिताभ और रेखा में बहुत गहरा प्यार था, लेकिन फिल्म खत्म-खत्म होते-होते दोनों के बीच पता नहीं क्या हुआ। सिलसिला में लव ट्रायंगल था और अमिताभ की रियल लाइफ में भी वही हुआ और उन्होंने जया भादुड़ी से शादी कर ली। लंबे समय तक अमिताभ-रेखा एक-दूसरे का सामना करने से बचते रहे। हाल में दोनों एक टीवी अवॉर्ड फंक्शन से लोगों के सामने एक-दूसरे से मिले।

पढ़ें : रुक गया वक्त और थम गई सांसे

रणवीर-दीपिका: पहले कहा जा रहा था कि दोनों अपनी फिल्म रामलीला को हिट कराने के लिए प्यार का नाटक रच रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं लगता। दोनों अब भी साथ-साथ देखे जाते हैं। धर्मेद्र और हेमा मालिनी की बिटिया आहना देओल की शादी में तो रणवीर-दीपिका को एक-दूसरे का हाथ तक चूमते हुए देखा गया था। हम तो यही कहेंगे कि इस जोड़ी को किसी की बुरी नजर ना लगे!

राजकपूर-नरगिस: इस जोड़ी को हिंदी फिल्मों की सर्वश्रेष्ठ जोड़ी कहा जाता है। राजकपूर और नरगिस ने एक साथ 16 फिल्में की थीं। नरगिस के फिल्म करियर की शुरुआत राजकपूर के निर्देशन में बनी पहली फिल्म आग से हुई थी। राजकपूर और नरगिस की जोड़ी को पहली बार इसी फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर देखा गया। फिर तो दोनों ने श्री 420 और आवारा जैसी यादगार फिल्में कीं। दोनों के बीच रियल लाइफ लव भी था। राजकपूर अपनी पत्‍‌नी को छोड़ने को तैयार नहीं थे इसलिए नरगिस ने उनसे रिश्ता खत्म करके सुनील दत्त के साथ शादी कर ली थी।

रणबीर-कट्रीना: रणबीर सिंह और कट्रीना की इबिजा बीच की तस्वीरों ने दोनों के बीच के रिश्ते को पूरी तरह उजागर कर दिया था। बीच में दोनों के बीच सगाई और फिर अलगाव की खबरें भी आई। लेकिन अभी तक दोनों एक साथ हैं। देखते हैं यह जोड़ी अपने प्यार को अंजाम तक पहुंचा पाती है या नहीं।

नीतू-ऋषि: इस जोड़ी के क्या कहने! दोनों की सगाई के बारे में जब दुनिया को पता चल गया तो ऋषि कपूर और नीतू सिंह ने जनवरी 1980 में ब्याह रचा लिया। नीतू-ऋषि ने कई फिल्में साथ की थीं और जब उन्होंने शादी की तो नीतू करियर की बुलंदियों पर थीं। उन्होंने शादी करते ही फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया था। लगभग 30 साल बाद दोनों की जोड़ी एक बार फिर फिल्म दो दुनी चार में नजर आई और इस जोड़ी को दर्शकों ने वही प्यार दिया।

सैफ-करीना: यह दोनों के बीच का प्यार ही था कि सैफ ने अपनी पहली पत्‍‌नी अमृता सिंह और करीना ने अपने बॉयफ्रेंड शाहिद कपूर को छोड़कर एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया। दोनों की शादी को एक साल से ज्यादा वक्त बीत चुका है।

धर्मेद्र-हेमा: इनके प्यार के बारे में तो दुनिया जानती है। धर्मेद्र पहले से शादीशुदा थे, लेकिन हेमा उन्हें अपना दिल दे बैठी और दोनों शादी के बंधन में बंध गए। दोनों आज तक अपने इस बंधन को निभा रहे हैं और इनकी जोड़ी का कोई मुकाबला भी नहीं है।

शाहिद-अमृता: शाहिद कपूर और अमृता राव के बीच विवाह फिल्म में जबरदस्त कैमिस्ट्री देखी गई। दोनों की यह जोड़ी मिडल क्लास फैमिली की पहली पसंद बन गई।

अभिषेक-ऐश्वर्या: ऐश्वर्या राय ने जब अभिषेक बच्चन से शादी का फैसला किया था तो कहा गया था कि यह शादी लंबी ना चल पाए क्योंकि ऐश अभिषेक से ज्यादा सफल हैं। लेकिन दोनों छह साल से अपने रिश्ते को शानदार तरीके से निभा रहे हैं और इनकी बेटी आराध्या ने दोनों को रिश्ते को और मजबूती प्रदान की है।

जॉन-बिपाशा: किसी ने नहीं सोचा था कि जॉन अब्राहम और बिपाशा बसु की जोड़ी के बीच अलगाव भी हो सकता है। दोनों की जोड़ी सालों तक युवा जोड़ों की रोल मॉडल रही। लेकिन दोनों ने अलग होने का एलान कर सबको चौंका दिया। जॉन प्रिया रूंचाल के साथ ब्याह रचा चुके हैं।

जेनेलिया-रितेश: जेनेलिया डिसूजा और रितेश देशमुख ने अपने अलग-अलग धर्मो को अपने रिश्ते के बीच आड़े नहीं आने दिया। दोनों के बीच गहरे प्रेम का ही नतीजा था कि दोनों के परिवारों को इस शादी के लिए राजी होना पड़ा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.