मोहब्बत में उम्र का फ़ासला ही भूल गये ये सेलेब्रिटीज़, कोई 10 तो कोई 15 साल छोटा
मलायका और अर्जुन के बीच दोस्ती की रिलेशनशिप काफ़ी पुरानी है। जब तक मलायका अरबाज़ ख़ान की बीवी रहीं अर्जुन से उन्होंने एक दूरी बनाकर रखी थी।
मुंबई। मोहब्बत का दस्तूर ही ऐसा है, जब इसका सुरूर चढ़ता है तो उम्र का फ़ासला कोई मायने नहीं रखता। इसकी कई मिसालें मौजूदा दौर में बॉलीवुड में मिल जाती हैं। मलायका अरोरा और अर्जुन कपूर के रिश्ते को लेकर आजकल ख़ूब बात होती है। दोनों को एक-दूसरे के साथ वक़्त बिताते हुए देखा जा रहा है। कहा तो यहां तक जा रहा है कि इस साल दोनों अपने रिश्ते को अगली मंज़िल तक ले जा सकते हैं।
अर्जुन और मलायका के अंदाज़े-बयां से लगता है कि दोनों इश्क़ के दरिया में गहराई में डुबकी लगाकर तैर रहे हैं।मलायका और अर्जुन की नज़दीकियों के साथ उनकी उम्र का फ़ासला भी अक्सर चर्चा में आ जाता है। मलायका 45 साल का पड़ाव पार कर चुकी हैं, जबकि अर्जुन 33 साल के ही हैं।
मलायका और अर्जुन के बीच दोस्ती की रिलेशनशिप काफ़ी पुरानी है। जब तक मलायका अरबाज़ ख़ान की बीवी रहीं, अर्जुन से उन्होंने एक दूरी बनाकर रखी थी। सार्वजनिक रूप से दोनों एक साथ दिखने से बचते रहे। मगर, अरबाज़ से तलाक़ के बाद मलायका और अर्जुन की पब्लिक एपीयरेंस बढ़ गयी हैं।
एक और जोड़ी इन दिनों बी-टाउन में काफ़ी सुर्ख़ियां बटोर रही है। यह हैं पूर्व ब्रह्मांड सुंदरी सुष्मिता सेन और सुपर मॉडल रोहमन शॉल। कुछ वक़्त से सुष्मिता सेन के इंस्टाग्राम एकाउंट और पब्लिक एपीयरेंस से दोनों की रिलेशनशिप का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। दिलचस्प पहलू यह है कि सुष्मिता और रोहमन की उम्रों में बीच लगभग 15 साल का फ़ासला बताया जाता है। सुष्मिता 19 नवंबर को 43 की हो गयी हैं, जबकि रोहमन 27 के। इनकी शादी का तो पता नहीं, मगर सुष्मिता उन्हें अपनी दोनों बेटियों का पिता ज़रूर मानने लगी हैं।
प्रियंका चोपड़ा भी प्रेम के आगे उम्र के किसी फ़ासले को बेमानी मानने की फ़िलॉसफ़ी में यक़ीन रखती हैं। पिछले साल दिसम्बर में उन्होंने अमेरिकन सिंगर-एक्टर निक जोनस से शादी की थी, जो उनसे 10 साल छोटे हैं। प्रियंका 36 की हैं और निक 26 के। निक ने प्रियंका को ट्विटर के ज़रिए एप्रोच किया था। प्रियंका और निक, शादी के बाद बी लगातार ख़बरों में बने रहते हैं।
2016 में उर्मिला मातोंडकर ने बिज़नेसमैन और मॉडल मोहसिन अख़्तर मीर के साथ शादी की। इन दोनों के बीच भी 10 साल का फ़र्क है। शादी के वक़्त उर्मिला की उम्र क़रीब 42 साल थी। मोहसिन उस समय क़रीब 32 के थे।
नेहा धूपिया ने एक्टर अंगद बेदी से शादी की। अंगद, नेहा से 3 साल छोटे हैं। नेहा 38 की हैं और अंगद 35 साल के हैं। पिछले साल नेहा और अंगद नवंबर में एक बेटी के माता-पिता बने।
ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन के बीच ऐसे ही कपल हैं। अभिषेक, ऐश से 3 साल छोटे हैं। दोनों की शादी 20 अप्रैल 2007 को हुई थी। दोनों की बेटी आराध्य है, जिसका जन्म 2011 में हुआ था।
बिपाशा बसु ने 10 साल तक जॉन अब्राहम को डेट करने के बाद 2016 में 30 अप्रैल को करण सिंह ग्रोवर के साथ शादी कर ली। दोनों ने एलोन फ़िल्म में साथ काम किया था और इसी दौरान उनके बीच नज़दीकियां बढ़ी थीं। बिपाशा, करण से 3 साल बड़ी हैं।
सोहा अली ख़ान और कुणाल खेमू ने 2015 में शादी की। सोहा 39 की हैं तो कुणाल 35 के हैं। दोनों के बेटी इनाया है, जो अभी 10 महीने की है। कुणाल और सोहा शादी से पहले लम्बे अर्से तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे थे।
कॉरियोग्राफर से एक्टर और डायरेक्टर बनीं फराह ख़ान ने फ़िल्म एडिटर शिरीष कुंदर से शादी की है। शिरीष फ़राह से 8 साल छोटे हैं। इनके तीन बच्चे हैं, जो एक साथ हुए थे। बेटे का नाम ज़ार है और दोनों बेटियों के नाम दिवा और अन्या हैं।
हिंदी सिनेमा की लीजेंडरी अदाकारा रहीं नर्गिस ने 1958 में सुनील दत्त से शादी की थी। शादी के वक़्त नर्गिस 29 साल की थीं, जबकि सुनील दत्त 23 साल के ही थे। सुनील दत्त ने 1957 की फ़िल्म मदर इंडिया की शूटिंग के दौरान सेट पर हुए एक हादसे में नर्गिस की जान बचाई थी, जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली। नर्गिस और सुनील दत्त के तीन संतानें हुईं। जाने-माने एक्टर संजय दत्त ने उनकी एक्टिंग की विरासत संभाली तो बेटी प्रिया दत्त ने पिता की राजनीतिक विरासत की ज़िम्मेदारी ले ली, वहीं नम्रता दत्त इन दोनों ही क्षेत्रों से दूर हैं।