Move to Jagran APP

'सांवरिया' के बाद 'संजू' में मिले 10 साल से बिछड़े रणबीर और सोनम कपूर

सलमान और जैकलीन पहली बार 2014 की फ़िल्म 'किक' में साथ आये थे, जिसे प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने डायरेक्ट किया था।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Wed, 23 May 2018 03:51 PM (IST)Updated: Thu, 31 May 2018 11:09 AM (IST)
'सांवरिया' के बाद 'संजू' में मिले 10 साल से बिछड़े रणबीर और सोनम कपूर
'सांवरिया' के बाद 'संजू' में मिले 10 साल से बिछड़े रणबीर और सोनम कपूर

मुंबई। बॉलीवुड में इस वक़्त रीयूनियन का दौर चल रहा है। सालों से बिछड़े हुए सितारे पर्दे पर मिल रहे हैं। ऐसे ही सितारों की कुछ जोड़ियों की चर्चा हम यहां कर रहे हैं। शुरुआत करते हैं रणबीर कपूर और सोनम कपूर से, जो पूरे दस साल के बाद पर्दे पर साथ आ रहे हैं।

loksabha election banner

रणबीर और सोनम का रीयूनियन राजकुमार हिरानी की फ़िल्म 'संजू' में हो रहा है। संजय दत्त की इस बायोपिक फ़िल्म में रणबीर संजय का किरदार निभा रहे हैं, जबकि सोनम संजय की गर्लफ्रेंड के किरदार में हैं। 29 जून को आने वाली फ़िल्म का ट्रेलर 30 मई को रिलीज़ किया गया, जिसे काफ़ी पसंद किया जा रहा है। रणबीर और सोनम ने संजय लीला भंसाली की फ़िल्म 'सांवरिया' से डेब्यू किया था और इसके बाद कभी साथ नहीं आये।

इसी फ़िल्म में वो अनुष्का शर्मा के साथ फिर नज़र आ रहे हैं। करण जौहर की फ़िल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' में अनुष्का और रणबीर साथ काम कर चुके हैं, जो 2016 में आयी थी। 'संजू' में अनुष्का लंदन की बायोग्राफर का किरदार निभा रही हैं, जिससे संजय अपनी बायोग्राफी लिखवाना चाहते थे। 

'रेस 3' से सलमान ख़ान और जैकलीन फ़र्नांडिस पर्दे पर फिर साथ आ रहे हैं। सलमान और जैकलीन पहली बार 2014 की फ़िल्म 'किक' में साथ आये थे, जिसे प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने डायरेक्ट किया था। इस फ़िल्म में सलमान रॉबिनहुड टाइप के किरदार में थे। फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही थी। 'रेस 3' में ही सलमान अपने पुराने को-एक्टर अनिल कपूर के साथ भी पर्दे पर नज़र आएंगे। अनिल, रेस सीरीज़ के पुराने खिलाड़ी हैं, सलमान ने पहली बार ये फ्रेंचाइजी ज्वाइन की है। हालांकि इस बार अनिल का किरदार बिल्कुल अलग है।

सलमान और अनिल, सुभाष घई निर्देशित 2008 की फ़िल्म 'युवराज' में आख़िरी बार पर्दे पर साथ आये थे। यानि पूरे 10 साल बाद वो ऑनस्क्रीन सलमान से मिल रहे हैं। हालांकि इससे पहले दोनों ने 'बीबी नंबर 1' और 'नो एंट्री' जैसी फ़िल्मों में साथ काम किया है। इसी फ़िल्म में डेज़ी शाह भी एक अहम रोल में हैं, जो सलमान के साथ 2014 में 'जय हो' में नज़र आयी थीं। यानि सलमान और डेज़ी भी पर्दे पर 4 साल बाद मिल रहे हैं।

सलमान की एक और फ़िल्म 'भारत' भी इन दिनों लगातार ख़बरों में है। भारत में सलमान ख़ान के साथ प्रियंका चोपड़ा बड़े पर्दे पर नज़र आएंगी। सिनेमा के पर्दे पर प्रियंका और सलमान का पुनर्मिलन लगभग 10 साल बाद हो रहा है। 2008 की फ़िल्म 'गॉड तुसी ग्रेट हो' में दोनों आख़िरी बार साथ आये थे। हालांकि प्रियंका के साथ सलमान की ये चौथी फ़िल्म होगी। पहली बार 2004 की फ़िल्म 'मुझसे शादी करोगी' में सलमान-प्रियंका की जोड़ी बनी। इस फ़िल्म में अक्षय कुमार भी थे। फिर 2007 की फ़िल्म 'सलामे-इश्क़' में दोनों साथ आये। भारत में तब्बू भी सलमान ख़ान के साथ रीयूनाइट हो रही हैं। तब्बू हाल ही में 'भारत' से जुड़ी हैं। इससे पहले तब्बू सलमान के साथ 'जय हो' में नज़र आयी थीं, जो 2014 में आयी थी। 'भारत' 2019 की ईद पर रिलीज़ होगी। इस फ़िल्म का निर्माण सलमान के जीजा जी अतुल अग्निहोत्री कर रहे हैं, जबकि अली अब्बास ज़फ़र का निर्देशन है। 

करण जौहर की फ़िल्म 'कलंक' में संजय दत्त और माधुरी दीक्षित एक लंबे अर्से के बाद पर्दे पर साथ दिखायी देंगे। हालांकि अभी ये साफ़ नहीं है कि फ़िल्म में इनके किरदार एक-दूसरे के अपोज़िट होंगे या नहीं। इस फ़िल्म को अभिषेक वर्मन निर्देशित कर रहे हैं। फ़िल्म की एंसॉम्बल कास्ट में इन दोनों के अलावा आदित्य रॉय कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, वरुण धवन और आलिया भट्ट शामिल हैं। मगर, दर्शकों को सबसे अधिक दिलचस्पी संजय और माधुरी की जोड़ी (अगर बनी) में होगी।

90 के दशक में संजय दत्त और माधुरी ने 'साजन' और 'खलनायक' जैसी कुछ हिट फ़िल्मों में काम किया था। पर्दे के इस पार भी दोनों के बीच केमिस्ट्री के क़िस्से ख़ूब मशहूर रहे थे। संजय और माधुरी आख़िरी बार 1997 की फ़िल्म 'महानता' में सिल्वर स्क्रीन पर एक साथ नज़र आये थे। यानि इनका पुनर्मिलन भी दो दशक बाद हो रहा है। 'कलंक' 19 अप्रैल 2019 को रिलीज़ होगी।

संजय-माधुरी के अलावा नब्बे के दशक की एक और हिट जोड़ी बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। निर्देशक इंद्र कुमार की फ़िल्म 'टोटल धमाल' में अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित एक साथ दिखेंगे। ये फ़िल्म इसी साल रिलीज़ हो रही है। माधुरी और अनिल 18 साल बाद साथ आ रहे हैं। इससे पहले दोनों आख़िरी बार 2000 की फ़िल्म 'पुकार' में साथ आये थे। अनिल-माधुरी ने अपने करियर के शीर्ष पर साथ काम किया है और तेज़ाब, बेटी, परिंदा, राम-लखन जैसी कामयाब फ़िल्में दी हैं।

'टोटल धमाल' में अजय देवगन भी मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा हैं। माधुरी के साथ अजय ने 'ये रास्ते हैं प्यार के' में काम किया था, जो 2001 में आयी थी। दीपक शिवदसानी निर्देशित फ़िल्म में प्रीति ज़िंटा भी पैरेलल लीड रोल में थीं। राजकुमार संतोषी की 'लज्जा' में माधुरी दीक्षित मुख्य किरदार में शामिल थीं। इस फ़िल्म में अजय ने भी एक रोल निभाया था। 'लज्जा' भी 2001 में ही आयी थी। इस मल्टी स्टारर फ़िल्म में अनिल कपूर भी थे।

अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ भी पर्दे पर रीयूनाइट होने जा रहे हैं। अतुल मांजरेकर निर्देशित 'फन्ने ख़ान' में अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय और राजकुमार राव मुख्य किरदार निभा रहे हैं। अनिल और ऐश ने 'ताल' और 'हमारा दिल आपके पास है' में साथ काम किया था। ये दोनों 18 साल बाद पर्दे पर लौट रहे हैं।

 

2018 में शाह रुख़ ख़ान और कटरीना कैफ़ एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखेंगे। आनंद एल राय की फ़िल्म 'ज़ीरो' में दोनों साथ आ रहे हैं। इनके साथ अनुष्का शर्मा भी फ़िल्म में नज़र आएंगे। दिलचस्प संयोग ये है कि ये दोनों एक्ट्रेसेज़ ही शाह रुख़ के साथ 2012 की फ़िल्म 'जब तक है जान' में साथ आयी थीं। यश चोपड़ा की ये आख़िरी निर्देशित फ़िल्म है। अनुष्का इसके बाद 'जब हैरी मेट सेजल' में किंग ख़ान के साथ जोड़ी जमा चुकी हैं, जो 2017 में रिलीज़ हुई थी।

 

'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' में आमिर ख़ान भी कटरीना कैफ़ के साथ एक बार फिर पर्दे पर दिखेंगे। दोनों इससे पहले 2013 की फ़िल्म 'धूम 3' में साथ आये थे। यानि 5 साल बाद इनका दोबारा मिलन होगा। वहीं, इसी फ़िल्म में आमिर दंगल गर्ल फ़ातिमा सना शेख़ के साथ भी पर्दे पर वापस आएंगे। 2016 की फ़िल्म 'दंगल' में फ़ातिमा, आमिर की बेटी के किरदार में थीं।

अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की जोड़ी भी लंबे अर्से बाद पर्दे पर दिखायी देने वाली है। इसी साल रिलीज़ के लिए तैयार फ़िल्म 'संदीप और पिंकी फ़रार' में अर्जुन-परिणीति साथ आ रहे हैं। अर्जुन ने 2012 की फ़िल्म 'इशक़ज़ादे' से डेब्यू किया था, जिसमें परिणीति ने फ़ीमेल लीड रोल निभाया था। 'संदीप और पिंकी फरार' को दिबाकर बैनर्जी ने निर्देशित किया है। 'नमस्ते इंग्लैंड' में भी ये दोनों साथ दिखेंगे, जिसे विपुल शाह डायरेक्ट कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: दिशा पाटनी के 'भारत'वासी होने पर ये क्या बोल गयीं प्रियंका चोपड़ा

यह भी पढ़ें: टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड में आलिया की राज़ी को मिली ये पोजिशन


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.