इंटरव्यू के दौरान जब सबके सामने मां की ये बात सुनकर रोने लगे थे रणवीर सिंह, देखें वायरल वीडियो
इंटरव्यू के दौरान मां की बात सुनकर रणवीर सिंह खुद को रोक नहीं पाए और वह रोने लगे। उन्हें रोता देखकर सिमी ग्रेवाल उन्हें बार-बार शांत करा रही थीं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह ने इंडस्ट्री में हिट फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई तरह के किरदार निभाए हैं। रणवीर ने करियर के शुरुआती दिनों में काफी दिक्कतों का सामना किया है। कई बार रिजेक्शन झेलने के बाद भी रणवीर ने हार नहीं मानी और मेहनत करते रहें। इसी का नतीजा है कि वह आज बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं। हाल ही में रणवीर सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। ये वीडियो उनके एक इंटरव्यू का है। इस वीडियो में वह इंटरव्यू के दौरान ही रोने लगते हैं। रणवीर का ये इमोशनल वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये वीडियो उस दौरान का है जब रणवीर सिंह, ने इंडस्ट्री में अपनी नई-नई पहचान बनाई थी और उन्हें चारों तरफ से फैंस का सपोर्ट मिल रहा था। उस वक्त वह एक्ट्रेस सिमी ग्रेवाल के फैमस टॉक शो में बतौर गेस्ट पहुंचे थे। इसी दौरान रणवीर सिंह से उनकी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े कई सवाल पूछे गए थे।
वहीं शो में रणवीर को सरप्राइज देते हुए उनकी मां का एक वीडियो भी चलाया गया। इस वीडियो में रणवीर की मां ने अपने बेटे संघर्ष के दिनों के बारे में बताया। रणवीर सिंह की मां ने कहा, 'एक वक्त पर रणवीर घर आता था तो बस ये कहता था कि मां आज बहुत खराब दिन था, हालांकि मां होने के नाते मैं उसका चेहरा देखकर समझ जाती थी कि वो बहुत परेशान है। हम सब दुखी ना हों इसलिए उसने हम सबको उस वक्त कुछ भी नहीं बताय था। लेकिन अब जब वो सक्सेसफुल हो गया है तब वो हम सबको अपने पुराने दिनों की कहानियां बताता है कि उसे क्या-क्या झेलना पड़ा, कैसे-कैसे कमेंट सुनने पड़े। उसने हमें अपने सारे दर्दों से दूर रखा। अब उसकी कहानी सुनने पर एहसास होता है कि वो इतनी ऊंचाईयों पर कितने संघर्षों से पहुंचा है।'
इंटरव्यू के दौरान मां की बात सुनकर रणवीर सिंह खुद को रोक नहीं पाए और वह रोने लगे। उन्हें रोता देखकर सिमी ग्रेवाल उन्हें बार-बार शांत करा रही थीं। साथ वह रणवीर से मांफी भी मांग रही थीं। बता दें कि रणवीर सिंह ने 2010 में आई फिल्म 'बैंड बाजा बारात' से बॉलीवुड में एंट्री ली थी।