43 साल की हो गईं साक्षी तंवर को अब भी है हमसफर का इंतजार
साक्षी तंवर 43 साल की हो गई हैं, लेकिन छोटे पर्दे की ये मशहूर बहू शादी के बंधन में कब बंधेंगी इसका उनके फैंस को अब भी बेसब्री से इंतजार है।
नई दिल्ली। एक समय में खूब पॉपुलर रहे डेली सोप 'कहानी घर घर की' से पार्वती भाभी के रूप में घर-घर अपनी पहचान बनाने वाली साक्षी तंवर आज 43 साल की हो गईं। अब तो वो बड़े पर्दे पर भी अपने अभिनय का दम दिखा चुकी हैं और फिलहाल इन दिनों आमिर खान जैसे सुपरस्टार के साथ उनकी बहुप्रतिक्षित फिल्म 'दंगल' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसमें वो उनकी पत्नी का किरदार निभा रही हैं, मगर असल जिंदगी में वो कब किसी की पत्नी बनेंगी इसका उनके फैंस को अब भी बेसब्री से इंतजार है। जी हां, 43 साल की उम्र में भी साक्षी कुंवारी ही हैं।
'सुल्तान' की शूटिंग के लिए अनुष्का शर्मा हैं बेकरार
हालांकि कुछ साल पहले साक्षी के गुपचुप तरीके से शादी करने की खबरें भी आई थीं, लेकिन उन्होंने इस बात से साफ इंकार कर दिया। उस वक्त उन्होंने कहा कि वो शादी करना चाहती हैं और उन्हें अपने हमसफर का इंतजार है। गौरतलब है कि 12 जनवरी, 1973 को साक्षी का जन्म राजस्थान के अलवर में एक मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ। उनके पिता सीबीआई ऑफिसर थे। साक्षी ने बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली का रुख किया, जहां लेडी श्रीराम काॅलेज से उन्होंने अपना ग्रेजूएशन पूरा किया। इसके बाद लाईट, कैमरा और एक्शन की शौकीन साक्षी ने बतौर एंकर दूरदर्शन से अपने करियर की शुरुआत की और फिर टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा।
साल 2000 में एकता कपूर के सीरियल 'कहानी घर घर की' से साक्षी छोटे पर्दे की मशहूर बहू बन गईं। दर्शकाें ने छोटे पर्दे की इस बहू को हाथोंं हाथ लिया। पार्वती भाभी के किरदार के लिए साक्षी ने कई अवाॅर्ड भी अपने नाम किए। इसके बाद वो 'कुटुम्ब', 'देवी', 'जस्सी जैसी कोई नहीं' और 'बालिका वधू' जैसे कई सीरियलों में नजर आईं। मगर राम कपूर के साथ सीरियल 'बड़े अच्छे लगते हैं' में उनकी जोड़ी काफी हिट रही। इस सीरियल के लिए भी उन्हें अवॉर्ड से नवाजा गया था।
'की एंड का' मोशन पोस्ट जारी,करीना ने अर्जुन को पहनाया मंगसूत्र
इसके अलावा साक्षी कई रियलिटी शोज जैसे 'कोड रेड' और 'क्राइम पेट्रोल' की मेजबानी करती हुई भी नजर आ चुकी हैं। छोटे पर्दे के अलावा साक्षी बड़े पर्दे पर भी दिख चुकी हैं। हालांकि सनी देओल की विवादित फिल्म 'मोहल्ला अस्सी' में उन्होंने अपने दमदार किरदार से दर्शकों का ध्यान खींचा है। मगर अफसोस ये फिल्म अब तक रिलीज नहीं हो पाई है। हालांकि पूरी फिल्म ऑनलाइन लीक हो चुकी है। खैर, अब उनके फैंस को आमिर खान स्टारर फिल्म 'दंगल' का बेसब्री से इंतजार है। इसमें साक्षी की भूमिका भी काफी अहम है। वो भी इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं।