प्रिंस नरूला और युविका चौधरी ने की सगाई, बिग बॉस 9 में बनी थी जोड़ी
प्रिंस आज कल टीवी शोज़ में काम कर रहे हैं। वहीं युविका छोटे पर्दे के साथ बड़े पर्दे पर भी दिख रही हैं। प्रिंस टीवी शो बढ़ो बहू का हिस्सा हैं।
मुंबई। बिग बॉस 9 में परवान चढ़ा प्रिंस नरूला और युविका चौधरी का प्यार मंज़िल पर पहुंच रहा है। दोनों ने इंगेजमेंट कर ली है और इसकी जानकारी सोशल मीडिया के ज़रिए दी है।
प्रिंस ने युविका के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा, ''शुक्रिया बेबी, शुक्रिया मुझे हां कहने के लिए और हमेशा मेरा अपना रहने के लिए।'' प्रिंस ने इस कैप्शन के साथ अपनी सगाई की बात भी कही है। वहीं युविका ने लिखा, ''मुझे विश्वास ही नहीं हो रहा कि यह सब सच में हो रहा है। मुझसे पूछने के लिए शुक्रिया.. मेरा हाथ पकड़ने के लिए शुक्रिया... मुझ में भरोसा जताने के लिए शुक्रिया।''
बिग बॉस 11 के टॉप 3 में रहे विकास गुप्ता भी प्रिंस और युविका के अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने भी फोटो शेयर करके बधाई दी है। विकास ने प्रिंस को भाई और युविका को भाभी संबोधित किया है।
Congratulations @princenarula88 @yuvikachoudhary . Bhai ... & Bhaaabhiii . Wish you both tons of happiness and love . #DilKhushNews pic.twitter.com/7AS5bqrj3Y— Vikas Gupta (@lostboy54) January 23, 2018
बिग बॉस 9 में स्टे के दौरान प्रिंस और युविका की लव स्टोरी काफ़ी चर्चा में रही थी। हालांकि बिग बॉस के घर में युविका अधिक दिनों तक नहीं रहीं और जल्द ही उन्हें जाना पड़ा, वहीं प्रिंस ने शो जीता। प्रिंस और युविका की प्रेम कहानी घर में शॉर्ट लेकिन स्वीट रही। बिग बॉस में एक टास्क के दौरान युविका को दिल के आकार की रोटी बनाकर भी दी थी। बिग बॉस से निकलकर दोनों काफ़ी अर्से तक रिलेशनशिप में रहे, लेकिन इसे स्वीकार नहीं किया। सोशल मीडिया में प्रिंस और युविका के साथ की तस्वीरें इस प्रेम कहानी को बख़ूबी बयां करती रहीं।
प्रिंस आज कल टीवी शोज़ में काम कर रहे हैं। वहीं युविका छोटे पर्दे के साथ बड़े पर्दे पर भी दिख रही हैं। प्रिंस टीवी शो बढ़ो बहू का हिस्सा हैं। दोनों स्प्लिट्स विला शो में गेस्ट जज बनकर साथ आ चुके हैं, जिसे रणविजय सिंह और सनी लियोनी होस्ट करते हैं। युविका ने 2000 में फिर भी दिल है हिंदुस्तानी से बॉलीवुड में शाह रुख़ ख़ान के साथ डेब्यू किया था। फ़िल्म में उनका किरदार एक फ़ैन का था। वहीं, ओम शांति ओम में भी युविका छोटे से किरदार में दिखायी दीं। युविका की आख़िरी हिंदी फ़िल्म द शौकींस हैं।