Bholaa Shoot In Varanasi: अजय देवगन की भोला में अमाला पॉल निभा रहीं बनारसी लड़की का किरदार, शुरू की शूटिंग
Bholaa Amala Paul Debut भोला तमिल फिल्म कैथी का रीमेक है। अमाला की यह पहली हिंदी फिल्म है। हालांकि साउथ में उनके नाम कई हिट फिल्में दर्ज हैं। अजय भोला फिल्म से एक बार फिर निर्देशन में लौटे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। दक्षिण भारत से आयी कई अभिनेत्रियों ने हिंदी फिल्मों में कामयाबी की दास्तां लिखी है। अपनी अदाकारी और अदाओं से इन्होंने लम्बी फैन फॉलोइंग हासिल की। अब एक और अभिनेत्री दक्षिण से मुंबई का सफर तय कर रही हैं। यह हैं साउथ फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री अमाला पॉल, जो अजय देवगन की फिल्म भोला में अहम किरदार में नजर आएंगी। अजय फिल्म की शूटिंग वाराणसी में कर रहे हैं। अमाला शूटिंग के लिए वाराणसी पहुंच गयी हैं, जहां से उनकी तस्वीर बाहर आयी है।
अमाला के शूट की जो तस्वीर सामने आयी है, उसमें वो स्कूटी चलाती दिख रही हैं। सिर पर बैंगनी रंग का हेलमेट पहना हुआ है। फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अमाला भोला में एक बनारसी लड़की का किरदार निभा रही हैं। अभी सिर्फ इतनी ही जानकारी बाहर आयी है। अमाला दक्षिण भारतीय सिनेमा की बेहद चर्चित अभिनेत्री हैं। उन्होंने तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में काफी काम किया है। भोला उनका हिंदी डेब्यू है।
रंजिश ही सही सीरीज में आ चुकी हैं नजर
फिल्मों में अमाला का डेब्यू भले ही भोला से हो, मगर हिंदी ओटीटी में अमाला पारी शुरू कर चुकी हैं। वूट की सीरीज रंजिश ही सही में उन्होंने एक किरदार निभाया था। भोला की शूटिंग के लिए अभिषेक बच्चन भी वाराणसी में ही हैं। यह स्टार कास्ट एक हफ्ते तक वाराणसी में शूट करेगी।
भोला के निर्देशक भी अजय देवगन
भोला का निर्देशन अजय देवगन खुद कर रहे हैं। इससे पहले रनवे 34 उन्होंने निर्देशित की थी। कुछ दिनों पहले भोला का टीजर रिलीज किया गया था, जिसमें अजय देवगन के किरदार को इंट्रोड्यूस करवाया गया था। जेल के अंदर बंद भोला को गीता पढ़ते हुए और माथे पर भस्म लगाते हुए दिखाया गया था। टीजर काफी पसंद किया गया था। फिल्म में तब्बू भी एक अहम किरदार में नजर आने वाली हैं।
अजय देवगन वाराणसी से लगातार सोशल मीडिया के जरिए अपडेट दे रहे हैं। बेटे युग के साथ उन्होंने कुछ फोटो सोशल मीडिया में शेयर किये हैं, जिनमें वो फुरसत के पल बिताते नजर आ रहे हैं। अजय की फिल्म दृश्यम 2 भी मलयालम फिल्म का रीमेक है और इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर गदर मचाये हुए है। फिल्म 200 करोड़ के बेहद नजदीक पहुंच चुकी है। इस वीकेंड में यह पड़ाव पार करना तय है।
कैथी का रीमेक भोला
भोला, तमिल फिल्म कैथी का रीमेक है। 2019 में आयी फिल्म का निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया था। फिल्म में कार्ती ने लीड रोल निभाया था। कैथी सुपर हिट फिल्म है। अब इसके सीक्वल पर काम चल रहा है। पिछले दिनों एक इंटरव्यू में कार्ती ने खुलासा किया था कि कैथी 2 की शूटिंग 2023 में शुरू हो जाएगी।