Move to Jagran APP

10 सालों में इन 5 मेगा बजट फ़िल्मों ने Box Office को दिया 500 करोड़ का झटका

अमेरिकन सिंगर निक जोनस से December Wedding को लेकर आजकल सुर्खियों में प्रियंका चोपड़ा का नाम 10 साल पहले निर्माता-निर्देशक हैरी बावेजा के सुपुत्र हरमन बावेजा से जुड़ा था।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Mon, 26 Nov 2018 03:00 PM (IST)Updated: Fri, 30 Nov 2018 08:01 AM (IST)
10 सालों में इन 5 मेगा बजट फ़िल्मों ने Box Office को दिया 500 करोड़ का झटका
10 सालों में इन 5 मेगा बजट फ़िल्मों ने Box Office को दिया 500 करोड़ का झटका

मुंबई। आमिर ख़ान तो मूड फ्रेश करने के लिए अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने विदेश उड़ गये हैं, मगर बॉलीवुड अभी भी सदमे में है। दिवाली पर आयी उनकी ₹200 करोड़ से अधिक बजट की फ़िल्म 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' ने लगभग ₹150 करोड़ का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 16 दिनों में किया है और महज़ तीन हफ़्तों में ही चलाचली की बेला आ गयी है। 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' ने इंडस्ट्री को ऐसा झटका दिया है, जिससे उबरने में अभी वक़्त लगेगा।

loksabha election banner

इस दाग़ को धोने के लिए अब एक बड़ी कामयाबी का इंतज़ार है। इसीलिए अक्षय कुमार और रजनीकांत की 2.0 से सभी आस लगाये बैठे हैं। वो तो भला हो, 'बधाई हो' जैसी स्मॉल बजट फ़िल्मों का, जो उम्मीद की लौ जलाए रखती हैं। बहरहाल, 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' जैसे सदमे हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री में हमेशा से लगते रहे हैं। फिर चाहे वो राज कपूर की 'मेरा नाम जोकर हो' या फिर अमिताभ बच्चन की 'अजूबा'। इंडस्ट्री ने बॉक्स ऑफ़िस पर बड़े-बड़े नामों को गिरते देखा है। फिलहाल हम पिछले 10 सालों में आयी ऐसी 5 फ़िल्मों का विश्लेषण यहां कर रहे हैं, जिनके बजट आसमान छू रहे थे, मगर बॉक्स ऑफ़िस पर इन फ़िल्मों को ज़मीन चूमने को मजबूर होना पड़ा था।

 

अमेरिकन सिंगर निक जोनस से December Wedding को लेकर आजकल सुर्खियों में प्रियंका चोपड़ा का नाम 10 साल पहले निर्माता-निर्देशक हैरी बावेजा के सुपुत्र हरमन बावेजा से जुड़ा था। वजह बेहद सिंपल थी। हैरी ने हरमन को बॉलीवुड में लांच करने के लिए फ़िल्म 'लव स्टोरी 2050' बनायी थी, जिसमें प्रियंका चोपड़ा फ़ीमेल लीड रोल में थीं। 2008 में प्रियंका इंडस्ट्री में नाम-दाम कमा चुकी थीं। लव स्टोरी 2050 एक फ्यूचरिस्टिक साइंस फ़िक्शन फ़िल्म थी। ज़ाहिर है कि बजट तो अधिक होगा ही। इस फ़िल्म के निर्माण पर लगभग 40 करोड़ की लागत आयी थी। 2008 में 40 करोड़ की रकम में बनने वाली फ़िल्म को मेगा बजट मूवी माना जाता था। रिलीज़ के बाद लव स्टोरी 2050 क्रिटिकली और कमर्शियली Disaster रही। फ़िल्म ने महज़ 11 करोड़ का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन किया था। प्रियंका तो इस झटके से बाहर आकर विदेशों में अपना जलवा दिखा रही हैं, मगर हरमन का करियर पूरी तरह डूब चुका है।

संयोग से 2008 की एक और डिज़ास्टर फ़िल्म से प्रियंका चोपड़ा का नाम जुड़ा है। गोल्डी बहल ने अपने लंगोटिया यार अभिषेक बच्चन को लीड में लेकर 'द्रोणा' डायरेक्ट की थी। महाभारत वाले गुरु द्रोणाचार्य से इस फ़िल्म का कोई लेना-देना नहीं है। इस फ़िल्म को अमिताभ बच्चन ने को-प्रोड्यूस किया था। अभिषेक और प्रियंका के साथ केके मेनन और जया बच्चन मुख्य भूमिकाओं में थे। बहरहाल, फेंटेसी एडवेंचर जॉनर की इस सुपर हीरो फ़िल्म के निर्माण पर उस वक़्त 60 करोड़ ख़र्च किये गये थे, मगर टिकट विंडो पर फ़िल्म को सिर्फ़ 18 करोड़ मिले थे। द्रोणा भारतीय सिनेमा की All Time Disaster Films की सूची में शामिल है। यह फ़िल्म क्रिटिकली भी फ्लॉप रही थी। 

भारतीय सिनेमा में अंडर वॉटर एडवेंचर वाली फ़िल्मों का निर्माण कम हुआ है। 2009 में एंथनी डिसूज़ा ने 'ब्लू' शीर्षक से एक्शन एडवेंचर फ़िल्म का निर्देशन किया था। इस फ़िल्म की कहानी अमेरिकन लेखक द्वय जोशुआ ल्यूरी और ब्रायन एम सुलीवन ने लिखी थी। फ़िल्म में अक्षय कुमार, संजय दत्त, ज़ायद ख़ान, कटरीना कैफ़ और लारा दत्ता ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। लगभग 70 करोड़ की लागत से बनी ब्लू को 39 करोड़ बॉक्स ऑफ़िस पर मिल सके। इस फ़िल्म को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए इंटरनेशनल सिंगर कायली मिलोग से गाना गवाया गया, जिसमें कायली के साथ फ़िल्म की स्टार कास्ट थिरकती हुई दिखायी दी थी। 

2009 में ही अक्षय कुमार की एक और फ़िल्म 'चांदनी चौक टू चाइना' आयी थी। इस मार्शल आर्ट्स कॉमेडी फ़िल्म को निखिल आडवाणी ने डायरेक्ट किया था। दीपिका पादुकोण ने फ़िल्म में डबल रोल निभाया था। चीनी स्टार गॉर्डन लियू ने फ़िल्म में मुख्य विलेन का किरदार प्ले किया था। चांदनी चौक टू चाइना को वार्नल ब्रदर्स ने को-प्रोड्यूस और वितरित किया था। इस महत्वाकांक्षी फ़िल्म को बनाने में क़रीब 62 करोड़ की लागत आयी थी, मगर 30 करोड़ ही फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस से जुटा पायी। चांदनी चौक टू चाइना 2009 की तीसरी सबसे अधिक बिज़नेस करने वाली फ़िल्म थी, मगर बड़े बजट की वजह से फ्लॉप करार दी गयी।

साल 2018 में रणबीर कपूर ने 'संजू' जैसी बेहद कामयाब 300 करोड़ से अधिक जमा करने वाली फ़िल्म दी है, मगर इससे पहले 2015 में आयी 'बॉम्बे वेल्वेट' उनकी डिज़ास्टर फ़िल्मों में शामिल हो चुकी है। 118 करोड़ के आसमानी बजट में बनी बॉम्बे वेल्वेट की पृष्ठभूमि में मुंबई के बनने की कहानी दिखायी गयी थी। रणबीर ने फ़िल्म में माफिया डॉन का किरदार निभाया था। फ़िल्म में अनुष्का शर्मा फ़ीमेल लीड रोल में थीं। करण जौहर ने इस फ़िल्म से बतौर विलेन बॉलीवुड डेब्यू किया था। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी बॉम्ब वेल्वेट सिर्फ़ 23 करोड़ टिकट विंडो पर जुटा सकी और All Time Disaster Films की लिस्ट में शुमार हुई। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.