Move to Jagran APP

Avengers Endgame Box Office: 10वें दिन 300 करोड़ क्लब में धमाकेदार एंट्री, बना इतिहास!

Avengers Endgame Box Office ट्रेड जानकार उम्मीद कर रहे हैं कि एवेंजर्स एंडगेम भारत में हॉलीवुड के लिए 400 करोड़ क्लब के दरवाज़े भी खोल सकती है।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Mon, 06 May 2019 10:15 AM (IST)Updated: Mon, 06 May 2019 10:15 AM (IST)
Avengers Endgame Box Office: 10वें दिन 300 करोड़ क्लब में धमाकेदार एंट्री, बना इतिहास!
Avengers Endgame Box Office: 10वें दिन 300 करोड़ क्लब में धमाकेदार एंट्री, बना इतिहास!

मुंबई। Avengers Endgame Box Office आख़िरकार हॉलीवुड फ़िल्म एवेंजर्स एंडगेम ने वो कर दिखाया, जो आज तक कोई विदेशी फ़िल्म नहीं कर सकी। दुनियाभर में कमाई के नये रिकॉर्ड बना रही एवेंजर्स एंडगेम ने भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर भी कामयाबी की नई इबारत लिख दी है। फ़िल्म ने रिलीज़ के महज़ 10 दिनों 300 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है। बॉलीवुड के लिए भी इस क्लब में आना आसान नहीं है, मगर Avengers Endgame के लिए यह सफ़र ज़्यादा मुश्किल नहीं रहा। 

loksabha election banner

रविवार (5 मई) को Avengers Endgame ने 10 दिनों का सफ़र पूरा कर लिया। रविवार को हुई कमाई के अंतिम आंकड़ों का अभी इंतज़ार किया जा रहा है, मगर ट्रेड पंडितों के अनुसार, फ़िल्म ने ₹300 करोड़ का पड़ाव भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर पार कर लिया है। इसके साथ एवेंजर्स एंडगेम ₹300 करोड़ का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन करने वाली पहली फ़िल्म बन गयी है। बॉलीवुड की अभी सिर्फ़ 7 फ़िल्में इस क्लब में पहुंची हैं। इनमें आमिर ख़ान की 2 (पीके और दंगल), सलमान ख़ान की 3 (सुल्तान, बजरंगी भाईजान और टाइगर ज़िंदा है), रणबीर कपूर की एक (संजू) और रणवीर सिंह की एक (पद्मावत) फ़िल्म शामिल हैं।

खुल सकता है 400 करोड़ क्लब का दरवाज़ा

ट्रेड जानकार उम्मीद कर रहे हैं कि एवेंजर्स एंडगेम भारत में हॉलीवुड के लिए 400 करोड़ क्लब के दरवाज़े भी खोल सकती है। Top 10 Hollywood Movies In India की लिस्ट तैयार करें तो वो इस प्रकार आती है-

10. द अमेज़िंग स्पायडरमैन- ₹96 करोड़

9. स्पायडरमैन 3- ₹100 करोड़

8. 2012- ₹102 करोड़

7. एवेंजर्स- एज ऑफ़ अल्ट्रॉन- ₹111 करोड़

6. जुरासिक वर्ल्ड- ₹152 करोड़

5. अवतार- ₹145 करोड़

4. फ्यूरियस 7- ₹172 करोड़

3. जंगल बुक- ₹188 करोड़

2. एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर- ₹222.69 करोड़

1. एवेंजर्स एंडगेम- ₹300 करोड़

दूसरे वीकेंड में कमाई

शुक्रवार (3 मई) को एवेंजर्स एंडगेम का दूसरा हफ़्ता शुरू हुआ था। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने कलेक्शन ₹12.50 करोड़ जमा किये थे। वहीं, दूसरे शनिवार (4 मई) को ₹18 करोड़ का कलेक्शन किया, वहीं रविवार को 20 करोड़ से अधिक रहने का अनुमान है। इसके साथ फ़िल्म का भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर 10 दिनों का नेट कलेक्शन ₹310 करोड़ के आस-पास रहने का अनुमान है। 

पहले हफ़्ते में 260 करोड़ पार

एवेंजर्स एंडगेम भारत में 26 अप्रैल को 2845 स्क्रींस पर चार भाषाओं अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में उतारी गयी थी। फ़िल्म ने ₹53.60 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी। शनिवार को ₹52.20 करोड़ और रविवार को ₹52.85 करोड़ का कलेक्शन करने के साथ एंड गेम ने ओपनिंग वीकेंड में ही ₹150 करोड़ का आंकड़ा हासिल कर लिया था। वर्किंग वीक में भी छप्परफाड़ कमाई जारी रही। 

पहले सोमवार को फ़िल्म ने ₹31.05 करोड़ की शानदार कमाई की, जबकि मंगलवार को ₹26.10 करोड़ बटोरे।बुधवार को देशभर में मजदूर दिवस की छुट्टी होने के कारण फ़िल्म ने ज़ोरदार उछाल लिया और ₹28.50 करोड़ की कमाई की थी। बुधवार की कमाई के साथ एंड गेम ने 2019 में सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली बॉलीवुड फ़िल्म उरी द सर्जीकल स्ट्राइक्स (₹244.06 करोड़) को पीछे छोड़ दिया था। गुरुवार को ₹16.10 करोड़ के साथ एवेंजर्स एंडगेम ने रिलीज़ का एक हफ़्ता पूरा कर लिया था और नेट कलेक्शन ₹260.40 करोड़ पर पहुंच गया। 

दुनियाभर में डंका 

भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर जिस तरह 100, 200, 300 करोड़ के पड़ाव अहमियत रखते हैं, उसी तरह दुनियाभर में हॉलीवुड फ़िल्मों के लिए एक बिलियन, 2 बिलियन डॉलर के पड़ाव अहम होते हैं। बड़े बजट की हॉलीवुड फ़िल्मों से इन पड़ावों को पार करने की उम्मीद की जाती है। एवेंजर्स एंडगेम ने शनिवार की कमाई के बाद 2 बिलियन डॉलर का पड़ाव पार कर लिया है, जिसे भारतीय मुद्रा में परिवर्तित करने पर यह राशि ₹13835 करोड़ (लगभग ₹140 अरब) आती है। इस पड़ाव तक पहुंचने वाली Endgame सबसे तेज़ फ़िल्म बन गयी है। दुनियाभर में सबसे अधिक कमाई करने का रिकॉर्ड फिलहाल जेम्स कैमरून की अवतार के नाम है, जिसने बॉक्स ऑफ़िस पर तहलका मचाते हुए 2.78 बिलियन डॉलर (₹19231 करोड़ या लगभग ₹192 अरब) रकम जुटाई थी। एवेंजर्स एंडगेम इस रिकॉर्ड के बेहद क़रीब पहुंच चुकी है। 

एवेंजर्स एंडगेम दुनिया के 25 देशों में 24 अप्रैल को रिलीज़ हो गयी थी। 5 दिनों में फ़िल्म 1 बिलियन डॉलर (लगभग ₹7000 करोड़ या ₹70 अरब) का पड़ाव पार कर लिया था। इनफिनिटी वॉर को इस पड़ाव तक पहुंचने में 11 दिन का समय लगा था। वहीं, चीनी बॉक्स ऑफ़िस पर 500 मिलियन डॉलर (₹3458 करोड़ या ₹34 अरब) का कलेक्शन करने वाली पहली विदेशी फ़िल्म बन गयी है।

थैनोस से निर्णायक जंग के लिए इकट्ठा हुए सुपरहीरोज़

एवेंजर्स मार्वल यूनिवर्स की कॉन्क्लूडिंग और 22वीं फ़िल्म है, जिसमें सभी सुपरहीरोज़ आयरनमैन (रॉबर्ट डाउनी जूनियर), थॉर (क्रिस हेम्सवर्थ), हल्क (मार्क रफेलो), कैप्टन अमेरिका (क्रिस इवांस), स्टार-लॉर्ड (क्रिस प्रैट), डॉ. स्ट्रेंज (बेनेडिक्ट कंबरबैच), ब्लैक विडो (स्कारलेट जोहेनसन), स्पाइडरमैन (टॉम हौलेंड) और ब्लैक पैंथर (चैडविक बोज़मन) आदि को एक साथ दिखाया गया है। इस जंग में आयरनमैन और ब्लैक विडो मारे जाते हैं, जबकि कैप्टन अमेरिका एवेंजर्स की टीम से रिटायरमेंट ले लेता है। एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर के इस सीक्वल को भी रुसो ब्रदर्स (एंथनी और जो) ने डायरेक्ट किया है। एवेंजर्स एंडगेम में 22 से अधिक सुपरहीरोज़ अंतरिक्ष की गहराइयों से आये शक्तिशाली दुश्मन थैनोस के ख़िलाफ़ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। थैनोस के ख़िलाफ़ एवेंजर्स की टीम को इस बार कैप्टन मार्वल और एंटमैन ने ज्वाइन किया है, जो सबसे शक्तिशाली एवेंजर हैं। 

मार्वल की सबसे लंबी फ़िल्म Avengers End Game

एवेंजर्स एंडगेम मार्वल की अब तक की सबसे लंबी अवधि की फ़िल्म है। इसकी अवधि 3 घंटा 2 मिनट है। हॉलीवुड फ़िल्में आम तौर पर डेढ़ से पौने दो घंटे लम्बी होती हैं। 2 घंटे की फ़िल्म को भी वहां लंबा माना जाता है। ऐसे में एवेंजर्स एंडगेम की इस अवधि को एक रिकॉर्ड माना जा रहा है। इसके प्रीक्वल एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर की अवधि 2 घंटा 40 मिनट थी। 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.