ये क्या...अर्जुन रामपाल को पता ही नहीं 'डैडी' से जुड़ी यह बात
इस बारे में बॉलीवुड गलियारों में जोरदार चर्चा है, जबकि अर्जुन रामपाल इससे बिल्कुल अनजान हैं। जानिए क्या है 'डैडी' से जुड़ी यह बात।
नई दिल्ली। अर्जुन रामपाल इन दिनों फिल्म 'रॉक ऑन 2' को लेकर सुर्खियों में है, जो कि रिलीज हो चुकी है। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है और अब बारी है अर्जुन की अगली फिल्म 'डैडी' की। यह फिल्म गैंगस्टर से राजनेता बने अरुण गवली की, जिसमें फरहान अख्तर के होने और दाउद इब्राहिम का किरदार निभाने की भी जोरदार चर्चा है। सेट से एक तस्वीर लीक होने के बाद इस चर्चा को हवा मिली है। हालांकि जब अर्जुन से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने खुद को इससे अनजान बताया।
'आइएनएस' के मुताबिक, अर्जुन ने कहा कि हर कोई यह चर्चा कर रहा है कि फरहान अख्तर भी फिल्म 'डैडी' में कोई रोल कर रहे हैं, मगर मुझे इस बात का कोई अंदाजा नहीं है।' अर्जुन इस फिल्म में लीड रोल निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैं नहीं जानता कि आखिर कौन कह रहा है कि फरहान फिल्म में दाउद की भूमिका निभा रहे हैं। यह तो आप लोग ही कह रहे हैं। यह बात मेरे और फिल्म दोनों के लिए ही सरप्राइज है।'
यह भी पढ़ें- फैंस के लिए अच्छी खबर, 10 साल बाद अमिताभ-अक्षय इस फिल्म में होंगे साथ
मेकर्स की कोशिश थी कि फिल्म में अर्जुन का लुक भी छिपाकर रखा जाए। हालांकि सेट से एक तस्वीर लीक होने के बाद यह सभी के साथ शेयर हो गई। इस बात से अर्जुन खासे नाराज हैं। उनकी कोशिश थी कि वो सभी को चौंकाए। बकौल अर्जुन,, 'जब फिल्म का मेरा लुक बाहर आया तो मैं निराश था। यह बहुत ही खराब बात थी। मैं इससे बिल्कुल भी खुश नहीं हूं। एक तकनीक के बूते हमने ऐसा किया। हमने बहुत सारा समय इसके लिए खर्च किया था। एक खास अंदाज में हम इसका लुक सभी के साथ लाना चाहते थे।' गौरतलब है कि अर्जुन फिल्म 'कहानी 2' में भी नजर आने वाले हैं। सुजॉय घोष की इस फिल्म में विद्या बालन मुख्य भूमिका निभा रही हैं।