पानीपत के 3 कैरेक्टर पोस्टर रिलीज, जीनत अमान समेत ये एक्टर भी निभाएंगे ऐतिहासिक किरदार
अर्जुन कपूर ने फिल्म पानीपत के तीन किरदारों के पोस्टर रिलीज किए हैं। ये सभी किरदार फिल्म में ऐतिहासिक किरदारों की भूमिका में नजर आएंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। फिल्म 'पानीपत' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसके बाद अब अलग अलग किरदारों की जानकारी सामने आ रही है। फिल्म में संजय दत्त, अर्जुन कपूर और कृति सेनन के किरदारों के बारे में तो पता चल चुका है, जिसके बाद तीन और किरदारों के बारे में जानकारी सामने आई है। अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पर दो पोस्टर जारी किए है, जिसमें दो किरदारों को इंटरड्यूज किया गया है।
अर्जुन कपूर ने पहले एक पोस्टर रिलीज किया है, जिसमें मॉडल से ऐक्टर बने साहिल सलाथिया दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर के अनुसारस साहिल फिल्म में शमशेर बहादुर के किरदार में नजर आएंगे। किरदार का पोस्टर रिलीज करते हुए अर्जुन ने लिखा, 'शमशेर बहादुर, बाजीराव और मस्तानी का बहादुर बेटा।'
उसके बाद अर्जुन कपूर ने एक और पोस्टर रिलीज किया, जिसमें उन्होंने शूजा-उद-दौला के किरदार के बारे में बताया है।
वहीं इन दोनों पोस्टर से पहले अर्जुन कपूर ने एक पोस्टर रिलीज किया था, जिसमें जीनत अमान दिखाई दे रही थीं। जीनत अमान काफी लंबे समय के बाद फिल्म 'पानीपत' से सिल्वर स्क्रीन पर वापसी कर रही हैं। इस फिल्म में वह सकीना बेगम के किरदार में दिखेंगी।
बता दें कि 6 दिसंबर को रिलीज होने वाली इस फिल्म का ट्रेलर जारी हो चुका है, जिसकी तारीफ हुई। उसके बाद तीन और किरदारों की जानकारी सामने आई है। पानीपत के तीसरे युद्ध की कहानी पर आधारित फिल्म में अर्जुन कपूर, सदाशिव राव भाऊ के किरदार में हैं तो वहीं कृति उनकी पत्नी पार्वती बाई के रोल में नजर आएंगी। जबकि संजय दत्त दुरार्नी साम्राज्य के संस्थापक और अफगानिस्तान के शासक अहमद शाह अब्दाली के रोल में दिखेंगे।