स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ी अनुष्का इस बात को लेकर हैं निराश
फिल्म सुई धागा 28 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।
रूपेशकुमार गुप्ता, मुंबईl अनुष्का शर्मा की जल्द फिल्म सुई धागा रिलीज होने वाली है जिसको लेकर लगातार प्रमोशन जारी है। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर फोटो और वीडियो के माध्यम से बताया जा रहा है। जागरण डॉट कॉम से खास बातचीत करते हुए अनुष्का शर्मा ने स्वच्छता को लेकर अपने विचार व्यक्त किए।
अनुष्का शर्मा ने कहा कि उन्हें बहुत दुख होता है कि स्वच्छता को लेकर लोगों की सोच में परिपक्वता नहीं हैl अनुष्का आगे कहती हैं कि लोग अपने घर में तो ठीक-ठाक से सफाई करते हैं लेकिन घर के बाहर की गंदगी से होने से किसी को कोई लेना देना नहीं होताl अनुष्का शर्मा ने आगे कहा कि मैं स्वच्छ भारत अभियान से आधिकारिक रूप से जुड़ी हुई हूंl मुझे लगता है यह सब व्यक्तिगत इच्छा पर आधारित होता है, लेकिन इसके जो प्रभाव पड़ते हैं, वह बहुत ही दूरगामी होते हैंl पर्यावरण किसी एक विशेष लोगों का ना होकर बल्कि पूरी दुनिया और पूरे ब्रह्मांड का हैl मेरे द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय का असर पूरी दुनिया पर पड़ेगाl जिसके चलते सभी को पर्यावरण के लेकर अच्छी सोच रखनी होगीl आपको जानना होगा कि पर्यावरण पर सभी का अधिकार है और यह सभी का हैl
अनुष्का शर्मा ने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि लोग मात्र अपने बारे में ही सोचते हैंl सभी को आगे लेकर जाने वाली भावना की कमी लगती है। जो कि बहुत ही छोटी सोच हैl उन्हें इस भावना से दुख होता है। लोग घर के बाहर की स्वच्छता पर ध्यान नहीं देते, जिसके चलते जब वह घर से निकलते हैं, तो सबसे पहले उन्हें उसी गंदगी का सामना करना पड़ता हैl उस गंदगी से कई प्रकार की बीमारियां होती हैंl इस कारण अस्पताल में जाकर अपने आप को ठीक करने में खुद के ही पैसे खर्च होते हैंl
बता दें कि, पिछले कुछ दिन पहले अनुष्का का एक वीडियो खूब वायरल हुआ था। यह वीडियो उन्होंने खुद कार में बैठे-बैठे बनाया था जिसमें एक व्यक्ति नजर आ रहा था जिसने कार से कचरा बाहर फेंक दिया था। इस वीडियो में अनुष्का ने उस व्यक्ति को खूब खरी खोटी सुनाई थी और स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाया था। इस वीडियो में अनुष्का के पति विराट कोहली भी नजर आए थे।
आपको बता दें कि, मेक इन इंडिया वाली थीम पर शरत कटारिया के निर्देशन में यह फिल्म बनी है। इसमें वरुण धवन और अनुष्का शर्मा देसी अवतार में दिखाई देंगे। यह फिल्म 28 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म एक पति-पत्नी की कहानी है जो खुदके बिजनेस की शुरुआत करते हैं। सुई-धागा में वरुण धवन और अनुष्का शर्मा पति-पत्नी के किरदार में हैं। फिल्म की कहानी ममता (अनुष्का शर्मा) और मौजी (वरुण धवन) की है।