अनुष्का शर्मा की शादी, परिजनों के साथ मुंबई एयरपोर्ट से इटली के लिए रवाना
बताया जा रहा है कि, चार दिनों तक इटली में शादी से जुड़े समारोह होंगे। जानकारी है कि, विराट और अनुष्का के दोस्तों के लिए मिलान (इटली) की एक होटल में बुकिंग हो चुकी है।
मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की शादी को लेकर लगातार ख़बरे आ रही हैं कि दोनों जल्द शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक अनुष्का शर्मा हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर अपने परिवार के साथ दिखाई दी जिसके बाद दोनों की शादी की ख़बरों पर मुहर लगती दिखाई दे रही है।
कई दिनों से अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की शादी को लेकर आ रही ख़बरों के बाद आखिरकार यह अब कहा जा सकता है कि दोनों जल्द शादी करने वाले हैं। चूंकि, शुक्रवार रात को अनुष्का शर्मा अपने माता-पिता और भाई के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर नज़र आईं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अनुष्का शर्मा इटली जा रही हैं जहां पर उनकी शादी विराट कोहली से होनी है। ज्यादा जानकारी देने से पहले आपको सीधे मुंबई एयरपोर्ट से दिखाते हैं तस्वीरें -
जानकारी है कि, अनुष्का और विराट 11 से 13 दिसंबर के बीच इटली के मिलान शहर में शादी करेंगे जिसके लिए अनुष्का अपने परिजनों के साथ रवाना हो चुकी हैं।
सूत्रों की मानें तो इटली में 13 से 15 दिसंबर तक अनुष्का-विराट की शादी के समारोह होंगे। 13 को संगीत, 14 को हल्दी बांध की रस्म और 15 दिसंबर को शादी का मुख्य समारोह होगा। शादी के लिए अनुष्का और विराट सीधे इटली नहीं जाएंगे। शुक्रवार रात अनुष्का मुंबई से दुबई के लिए उड़ान भर चुकी हैं। दुबई में शादी की खरीदारी के बाद उनका अगला पड़ाव सिंगापुर होगा। बताया जा रहा है कि सिंगापुर में एक दिन रुकने के बाद दोनों लंदन जाएंगे। वहां से 12 दिसंबर को इटली पहुंचेंगे। फिलहाल अभी मुंबई एयरपोर्ट पर सिर्फ अनुष्का नज़र आई हैं लेकिन विराट नज़र नहीं आए हैं।
यह भी पढ़ें: अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की 'शादी' का यह है सच
अनुष्का के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर उनके पिता अजय कुमार शर्मा भी दिखाई दिए।
अनुष्का की मां अशिमा शर्मा भी नज़र आईं।
अनुष्का के भाई कर्णेश शर्मा भी खास तौर पर मौजूद थे।
आपको बता दें कि, जानकारी के मुताबिक अनुष्का शर्मा और विराट कोहली का तीन साल पुराना रिश्ता शादी के बंधन में बंधने जा रहा है। अटकलों और चर्चाओं के बीच भरोसेमंद सूत्रों ने इस ख़बर पर मुहर लगा दी है। हालांकि अनुष्का की मीडिया टीम ने ख़बर का खंडन बुधवार को किया था, लेकिन विराट से जुड़े सूत्रों ने पुष्टि की है। अनुष्का के साथ जुड़े रहे एक फैशन ब्रांड की टीम ने भी शादी की ख़बर पर मुहर लगाई है।
अनुष्का की शादी से जुड़ी एक और खास बात यह है कि, मुंबई एयरपोर्ट पर जिस समय अनुष्का अपने परिजनों के साथ नज़र आईं उसी समय दीपिका पादुकोण भी अपनी मां के साथ दिखाई दीं। हमारे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दीपिका दरअसल अनुष्का की शादी के लिए ही उनके साथ जा रही हैं।
दीपिका के साथ उनकी मां भी मौजूद थीं। फिलहाल दीपिका की फिल्म पद्मावती विवादों में है और इस कारण रिलीज़ को अनिश्चितकाल तक के लिए टाल दिया गया है।