अनुष्का शर्मा दूसरी बार चुनी गई Hottest Vegetarian, इस हीरो को भी ख़िताब
अनुष्का की आज ही वेडिंग एनिवर्सरी है जिसे मनाने के लिए वो ऑस्ट्रेलिया गईं हैं, जहां विराट कोहली टीम इंडिया के साथ दौरे पर हैं।
मुंबई। बॉलीवुड स्टार अनुष्का शर्मा और कार्तिक आर्यन को देश के हॉटेस्ट वेजिटेरियंस के ख़िताब से नवाज़ा गया है। अनुष्का शर्मा ने तीन साल के भीतर दूसरी बार ये अवॉर्ड जीता है।
जानवरों के संरक्षण के लिए बनी पीपुल फ़ॉर एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनीमल्स (पेटा) ने एक ऑन लाइन पोल करवाया था जिसके आधार पर ये नतीजा निकला है। अनुष्का शर्मा को साल 2015 में भी हॉटेस्ट वेजिटेरियन सेलेब्स का ख़िताब मिला था और पिछले साल वो पेटा इंडियन पर्सन ऑफ द ईयर भी चुनी गईं थीं।
अनुष्का ने मुंबई के पास जानवरों के लिए रैन बसेरा बनाने और आतिशबाज़ी के शोर से जानवरों को बचाने के लिए मुहीम चलाई है। साथ ही उन्होंने मुंबई में घोड़ा गाड़ियों पर भी पाबंदी लगाने की मांग की है। अनुष्का के मुताबिक वेजिटेरियन होना उनके जीवन का बेस्ट डिसीजन था। इससे उनमें काफ़ी उर्ज़ा आई है और साथ ही लाइफ़ भी अच्छी हो गई है। अनुष्का की आज ही वेडिंग एनिवर्सरी है जिसे मनाने के लिए वो ऑस्ट्रेलिया गईं हैं, जहां विराट कोहली टीम इंडिया के साथ दौरे पर हैं। आपको आज भी याद होगा कि कैसे दोनों ने चुपचाप इटली जाकर शादी की थी। और फिर दोनों ने अपने सोशल अकाउंट पर अपनी शादी की तस्वीर शेयर की और अपने रिलेशनशिप को सबके सामने स्वीकारा। दोनों के बीच प्यार हमेशा से ही लोगों को दिखाई देता था मगर, जब ये दोनों ऑफिशियली लोगों के सामने आए तो इनके फैन्स की ख़ुशी का ठिकाना ना रहा l अनुष्का की फिल्म ज़ीरो इसी महीने 21 तारीख़ को रिलीज़ हो रही है।
मेल सेलेब्स के रूप में कार्तिक आर्यन को भी इस साल का हॉटेस्ट वेजिटेरियन का ख़िताब दिया गया है। सोनू के टीटू की स्वीटी के बाद से काफ़ी लोकप्रिय हुए कार्तिक आर्यन के मुताबिक उन्होंने मीट उद्योग से जुड़ा एक वीडियो देखा था और उसमें जिस तरह से जानवर तड़प रहे थे उसे देखने के बाद उन्होंने शाकाहारी होने का फैसला किया। लोगों को भी मांसाहारी होने से बचना चाहिए। कार्तिक आर्यन इन दिनों फिल्म लुका छुपी की शूटिंग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Box Office: 650 करोड़ की ओर बढ़ रही 2.0 की जबरदस्त कमाई जारी, बने नए रिकॉर्ड