Amitabh Bachchan Property: 1000 करोड़ मालिक हैं अमिताभ-जया बच्चन, संपत्ति में करोड़ों की कार, घर, पेन, घड़ी हैं शामिल
Amitabh Bachchan Property अमिताभ बच्चन को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने भारतीय सिनेमा को कई फिल्में दी हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड के शहशांह अमिताभ बच्चन को भारतीय सिनेमा के सबसे सर्वोच्च पुरस्कार दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इसकी जानकारी दी। अमिताभ बच्चन को भारतीय सिनेमा में अतुलनीय सहयोग देने के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बॉलीवुड को कई दमदार फिल्में दी हैं। इस घोषणा के बाद अमिताभ बच्चन खबरों में बने हुए हैं और लोग उनकी फिल्मी सफर की चर्चा कर रहे हैं। ऐसे में यह जानना भी दिलचस्प होगा कि आखिर सदी के महानायक के पास कितनी संपत्ति हैं...
अमिताभ बच्चन और जया बच्चन करीब 1000 करोड़ के मालिक हैं। अमिताभ बच्चन की पत्नी जया बच्चन की ओर से पिछले साल राज्यसभा चुनाव में नामांकन भरने के दौरान संपत्ति का ब्यौरा दिया गया था। जया बच्चन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अमिताभ बच्चन और जया बच्चन के पास 460 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है और दोनों की चल संपत्ति 540 करोड़ है।
संपत्ति में क्या-क्या है शामिल?
बता दें कि दोनों के पास 12 गाड़ियां हैं, जिनकी कीमत 13 करोड़ है। इसमें पोर्शे, रेंज रोवर, मर्सडीज़ के अलावा इनमें एक टाटा नैनो और ट्रैक्टर भी शामिल हैं। अमिताभ के पास 3.4 करोड़ रुपये और जया बच्चन के पास 51 लाख रुपये की घड़ियां हैं। बच्चन दंपति के पास 9 लाख का एक पेन भी है। वहीं नोएडा, अहमदाबाद, गांधीनगर, पुणे और भोपाल में रिहायशी प्रॉपर्टी है। साथ ही परिवार का फ्रांस के ब्रिग्नोगन प्लेज में 3,175 स्कॉयर मीटर का एक प्लॉट भी है।
वहीं पिछले 7 सालों में इस संपत्ति में काफी बढ़ोतरी भी हुई है। साल 2012 में दिए गए हलफनामे से तुलना करें तो उनकी संपत्ति में काफी बढ़ोतरी हुई है। साल 2012 में उन दोनों की कुल अचल संपत्ति 152 करोड़ रुपये थी, जो अब 460 करोड़ थी। वहीं 2018 तक दोनों की चल संपत्ति 540 करोड़ थी, जो 2012 में 343 करोड़ रुपये थी। यानी अब जया बच्चन और अमिताभ बच्चन की संपत्ति में करीब दो गुना से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है।
शपथ पत्र के मुताबिक इनके पास 62 करोड़ रुपये की सोने की ज्वैलरी भी है। मजेदार बात यह है कि अमिताभ के पास जया बच्चन से ज्यादा जूलरी है। वहीं साल 2015 में फोर्ब्स के अनुसार, अमिताभ बच्चन की संपत्ति 33.5 मिलियन डॉलर थी।