विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सालों से अटकी है अमिताभ बच्चन की ये फ़िल्म, लगाई रिलीज़ की गुहार

By Manoj VashisthEdited By:
Published: Sun, 25 Mar 2018 10:51 AM (IST)Updated: Tue, 27 Mar 2018 06:52 AM (IST)

ये Shoe Bite दरअसल बिग बी की एक फ़िल्म का शीर्षक है, जिसे शूजित सरकार ने डायरेक्ट किया था, मगर फ़िल्म शूट होने के बाद रिलीज़ नहीं हो सकी।

सालों से अटकी है अमिताभ बच्चन की ये फ़िल्म, लगाई रिलीज़ की गुहार
सालों से अटकी है अमिताभ बच्चन की ये फ़िल्म, लगाई रिलीज़ की गुहार

मुंबई। हिंदी सिनेमा में अमिताभ बच्चन ने एक लंबा सफ़र तय किया है और सफ़र में चलते-चलते उन्हें दस साल पहले शू-बाइट हो गया था, जिसका दर्द अब उठ रहा है। बिग बी ने इस दर्द का इलाज करने की गुहार की है, जिसमें उनका साथ बॉलीवुड के दूसरे एक्टर्स भी दे रहे हैं। 

ये Shoe Bite दरअसल बिग बी की एक फ़िल्म का शीर्षक है, जिसे शूजित सरकार ने डायरेक्ट किया था, मगर फ़िल्म शूट होने के बाद रिलीज़ नहीं हो सकी। अब अमिताभ इस फ़िल्म को रिलीज़ करने की गुहार प्रोड्यूसर्स से कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन ने ट्वीट करके गुज़ारिश की है कि इस फ़िल्म की हत्या मत करो, इसे रिलीज़ करो। अमिताभ ने लिखा है- ''प्लीज़... प्लीज़... प्लीज़... यूटीवी और डिज़्नी या जिसके पास भी ये फ़िल्म है... वारनर्स... जो कोई भी है... इस फ़िल्म को रिलीज़ कर दीजिए... इसमें बहुत कड़ी मेहनत की गयी है... रचनात्मकता की हत्या मत कीजिए।'' 

अमिताभ बच्चन के इस ट्वीट को पढ़कर आप समझ सकते हैं कि वो कितनी शिद्दत से शूबाइट की रिलीज़ चाहते हैं। आपको बता दें कि लगभग दस साल पहले परसेप्ट पिक्चर कंपनी ने जॉनी वॉकर नाम से एक फ़िल्म का एलान किया था, जिसे शूजित सरकार निर्देशित करने वाले थे और अमिताभ बच्चन लीड रोल में थे। इस फ़िल्म को शूजित यूटीवी मोशन पिक्चर्स के पास ले गये और नाम कर दिया शूबाइट।

परसेप्ट ने इसको लेकर यूटीवी पर केस कर दिया। लंबी क़ानूनी लड़ाई के बाद, 2012 में ये केस बंद हो गया। साथ ही शूबाइट भी ठंडे बस्ते में चली गयी। सरकार इसके बाद विक्की डोनर में बिज़ी हो गये और फिर मद्रास कैफ़े बनायी। शूबाइट तो रिलीज़ नहीं हो सकी, लेकिन बाद में शूजित ने अमिताभ को पीकू में डायरेक्ट किया और पिंक को प्रोड्यूस किया। अगर शूबाइट रिलीज़ होती तो बिग बी के साथ उनकी पहली फ़िल्म होती। शूबाइट 60 साल के जॉन परेरा नाम के व्यक्ति की कहानी है, जो ख़ुद की तलाश में एक यात्रा पर निकलता है। फ़िल्म में सारिका, दिया मिर्ज़ा, जिमी शेरगिल और नवाज़उद्दीन सिद्दीक़ी भी अहम किरदारों में हैं। 

अब आयुष्मान खुराना ने शू-बाइट को बेहतरीन फ़िल्म बताते हुए इसे रिलीज़ करने की गुज़ारिश की है। आयुष्मान ने ट्विटर पर लिखा है- शूजित दादा के एडिट रूम में इस फ़िल्म को दो बार देखा है। अब तक देखी हुई श्रेष्ठ फ़िल्मों में से एक है। इसमें प्रेम और चेतना है, साथ ही कभी ना मिटने वाली मानवीय भावनाओं को दर्शाती है। सिनेमा के प्रेम के लिए इस फ़िल्म को रिलीज़ कीजिए।

बता दें कि अमिताभ बच्चन के ट्वीट के बाद ख़ुद शूजित ने भी बयान दिया था कि फ़िल्म की रिलीज़ के लिए वो अपना घर भी बेचने के लिए तैयार हैं। दिया मिर्ज़ा ने भी फ़िल्म को रिलीज़ करने की गुहार लगायी है।