'Sooryavanshi'- '83' को मिली नई रिलीज़ डेट, जानें- कब बड़े पर्दे पर नज़र आएंगे रणवीर सिंह और अक्षय कुमार
साल की दो बड़ी फ़िल्में रोहित शेट्टी की सूर्यवंशी और कबीर ख़ान की 83 रिलीज़ को तैयार हैं लेकिन सिनेमाघर बंद हैं। हालांकि अब इन दोनों फ़िल्मों को नई रिलीज़ डेट मिल गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस ने इस साल फ़िल्म इंडस्ट्री में बड़ा ग्रहण लगा दिया। करीब तीन महीने से बड़े पर्दे पर कोई फ़िल्म रिलीज़ नहीं हुई है। इस साल की दो बड़ी फ़िल्में, रोहित शेट्टी की सूर्यवंशी और कबीर ख़ान की 83 रिलीज़ को तैयार हैं, लेकिन सिनेमाघर बंद हैं। हालांकि, अब इन दोनों फ़िल्मों की नई रिलीज़ डेट सामने आ गई है। पीवीआर पिक्चर्स ने इस बात की घोषणा की है।
पीवीआर ने ट्वीट करके बतााया है कि सूर्यवंशी दीपावली और 83 क्रिसमस पर रिलीज़ होगी। अपने ट्वीट में पीवीआर ने लिखा, 'समय को आगे बढ़ाते हुए... दीपावली पर रोहित शेट्टी की सूर्यवंशी और क्रिसमस पर कबीर ख़ान की 83 की रिलीज़ के लिए कमर कस लीजिए।'
Exciting times ahead.. Gearing up to release Rohit Shetty's Sooryavanshi on Diwali and Kabir Khan's 83 on Christmas this 2020! pic.twitter.com/JojLypeiro— P V R C i n e m a s (@_PVRCinemas) June 30, 2020
रोहित शेट्टी की कॉप यूनिवर्स में अक्षय कुमार
सिंघम के साथ रोहित शेट्टी ने अपने कॉप यूनिवर्स की शुरुआत की थी। इसके बाद सिंघम रिटर्न और सिंबा आई। अब इस कॉप यूनिवर्स की फ़िल्मों में सूर्यवंशी भी शामिल होने जा रही है। अजय देवगन, रणवीर सिंह के बाद अब अक्षय कुमार भी पुलिस वाले की भूमिका में नज़र आने वाले हैं। अक्षय के साथ कटरीना कैफ भी मुख्य भूमिका में नज़र आएंगी। इसके अलावा अजय देवगन और रणवीर सिंह का भी गेस्ट एपीरियंस भी है।
विश्वकप विजेता टीम की कहानी है 83
साल 1983 भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस के लिए काफी स्पेशल है। पहली बार 1983 में ही भारतीय टीम ने क्रिकेट विश्वकप पर कब्जा किया था। टीम ने ना सिर्फ जीत हासिल की थी, बल्कि लॉर्ड्स के मैदान में इस बात को भी साबित किया था कि वेस्टइंडीज इस खेल का इकलौता बादशाह नहीं है। इसी विजेता टीम की कहानी लेकर आ रही है कबीर ख़ान की फ़िल्म 83। रणवीर सिंह की इस फ़िल्म में कपिल देव का किरदार निभा रहे हैं। वहीं, दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में नज़र आएंगे। इसके अलावा पकंज त्रिपाठी और शरीब हाश्मी जैसे कई और एक्टर भी अपनी अदाकारी दिखाएंगे।