खेल खिलाड़ी का: एक ही साल में पहले सलमान ख़ान फिर आमिर ख़ान से टकराएंगे अक्षय कुमार
Box Office Clashes 2020 अक्षय कुमार इन दिनों बॉक्स ऑफ़िस पर कामयाबी की नई इबारत लिख रहे हैं। इस साल उनकी तीन फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं और तीनों ही बेहद सफल रही हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। अक्षय कुमार अगले साल वो करने जा रहे हैं, जिसे करने से पहले बॉलीवुड के तमाम सितारे दो बार सोचते हैं। अक्षय, 2020 में सलमान ख़ान और आमिर ख़ान से बॉक्स ऑफ़िस पर टक्कर लेने जा रहे हैं। वो भी उन तारीख़ों पर, जो इन दोनों सितारों की फेवरिट हैं। अक्षय ईद पर सलमान ख़ान तो क्रिसमस पर आमिर ख़ान से दो-दो हाथ करेंगे।
ईद पर राधे के सामने लक्ष्मी बॉम्ब
अगले साल ईद पर अक्षय कुमार की लक्ष्मी बॉम्ब, सलमान ख़ान की राधे से टकराएगी। ख़ास बात यह है कि इन दोनों ही फ़िल्मों के निर्देशक दक्षिण भारतीय सिनेमा से आते हैं और दोनों ही फ़िल्में रीमेक हैं। लक्ष्मी बॉम्ब का निर्देशन राघव लॉरेंस कर रहे हैं। यह फ़िल्म तमिल फ़िल्म कांचना का रीमेक है। वहीं, राधे के निर्देशन की कमान प्रभुदेवा के हाथों में है। यह फ़िल्म कोरियाई फ़िल्म का रीमेक बताई जा रही है।
क्रिसमस पर बच्चन पांडेय के सामने लाल सिंह चड्ढा
अक्षय कुमार की दूसरी बड़ी टक्कर आमिर ख़ान से होगी। क्रिसमस पर अक्षय अपनी फ़िल्म बच्चन पांडेय लेकर आ रहे हैं, जिसका एलान उन्होंने कुछ महीने पहले किया था। इस फ़िल्म के निर्देशक फ़रहाद सामजी ही हैं, जिन्होंने हाउसफुल में अक्षय को डायरेक्ट किया है। फ़िल्म में अक्षय कुमार की लीडिंग लेडी कृति सनोन ही होंगी।
उधर, आमिर ख़ान ने अपनी फ़िल्म लाल सिंह चड्ढा की क्रिसमस रिलीज़ का एलान किया है, जो हॉलीवुड फ़िल्म फॉरेस्ट ग्रम्प से प्रेरित है। आमिर ने इसके टाइटल का लोगो साझा करने के साथ क्रिसमस रिलीज़ की पुष्टि की है। इस फ़िल्म में करीना कपूर फीमेल लीड रोल में हैं।
Kya pata hum mein hai kahani,
ya hai kahaani mein hum... pic.twitter.com/mDMA21J51z— Aamir Khan (@aamir_khan) November 6, 2019
अक्षय कुमार इन दिनों बॉक्स ऑफ़िस पर कामयाबी की नई इबारत लिख रहे हैं। इस साल उनकी तीन फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं और तीनों ही बेहद सफल रही हैं। केसरी ने 153 करोड़ का कलेक्शन किया था। मिशन मंगल ने 200.16 करोड़ और आजकल हाउसफुल 4 भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 200 करोड़ क्लब की ओर रेस लगा रही है।
अक्षय की इस साल चौथी रिलीज़ गुड न्यूज़ होगी, जो 27 दिसम्बर को सिनेमाघरों में पहुंचेगी। इससे पहले 20 दिसम्बर को सलमान ख़ान की दबंग 3 रिलीज़ हो चुकी होगी। इससे पहले 15 अगस्त के मौक़े पर अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम की फ़िल्में मिशन मंगल और बाटला हाउस टकरा चुकी हैं। अक्षय कुमार की फ़िल्मों का बॉक्स ऑफ़िस टकराव का यह सिलसिला 2020 में भी जारी रहेगा।