Move to Jagran APP

Box Office पर 2.0 की धुआंधार कमाई, 'बाग़ी2' पीछे, सलमान की 'रेस3' बस इतना आगे

शुक्रवार को फ़िल्म ने आयुष्मान खुराना की बधाई हो को पीछे छोड़ दिया है, जो ₹136.45 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Sat, 08 Dec 2018 12:52 PM (IST)Updated: Tue, 11 Dec 2018 08:23 AM (IST)
Box Office पर 2.0 की धुआंधार कमाई, 'बाग़ी2' पीछे, सलमान की 'रेस3' बस इतना आगे
Box Office पर 2.0 की धुआंधार कमाई, 'बाग़ी2' पीछे, सलमान की 'रेस3' बस इतना आगे

मुंबई। बॉक्स ऑफ़िस पर अक्षय कुमार और रजनीकांत की फ़िल्म '2.0' की ज़ोरदार कमाई का सिलसिला जारी है।फ़िल्म पूरे देश में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। हालांकि सबसे अधिक योगदान हिंदी भाषाई संस्करण का रहा है, जिसके दम पर '2.0' ने पहले हफ़्ते में शानदार रकम जमा कर ली है। दूसरे वीकेंड में फ़िल्म ने कमाल का प्रदर्शन किया है। चेन्नई में सोमवार को '2.0' 'बाहुबली2- द कंक्लूज़न' का रिकॉर्ड तोड़ देगी। अमेरिकी बॉक्स ऑफ़िस पर भी फ़िल्म बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है।

loksabha election banner

शुक्रवार (7 दिसम्बर) को 2.0 की रिलीज़ का दूसरा हफ़्ता शुरू हो गया। फ़िल्म 2000 स्क्रींस पर चल रही है। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने ₹5.85 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं दूसरे शनिवार को 2.0 ने ₹9.15 करोड़ जमा किये। दूसरे रविवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में ज़बर्दस्त उछाल देखा गया। रविवार को इसे ₹12 करोड़ मिले। दूसरे वीकेंड में फ़िल्म ने ₹27 करोड़ जमा किये, जबकि 4 दिन लंबे ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने 97.25 करोड़ का कलेक्शन किया था। अब 2.0 का 11 दिनों का कलेक्शन ₹166.75 करोड़ हो चुका है। इसके साथ ही 2.0 ने टाइगर श्रॉफ़ की 'बाग़ी2' के कलेक्शंस को पीछे छोड़कर टॉप 5 फ़िल्मों में चौथी पॉजिशन ले ली है। अब सलमान ख़ान की 'रेस3' को पीछे छोड़ने के लिए फ़िल्म सिर्फ़ ₹2.26 करोड़ ही चाहिए।

  1. संजू- ₹341.22 करोड़
  2. पद्मावत- ₹300.26 करोड़
  3. रेस 3- ₹169 करोड़
  4. 2.0- 166.75 करोड़
  5. बाग़ी2- ₹165 करोड़

ख़ास बात यह है कि फ़िल्म चेन्नई में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है, जहां आज बाहुबली2 के कलेक्शंस का रिकॉर्ड तोड़ देगी। ट्रेड जानकारों के अनुसार, 11 दिनों में फ़िल्म सिर्फ़ चेन्नई सिटी में 18.41 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है।

अक्षय कुमार की सबसे बड़ी कामयाबी

2.0 अक्षय कुमार के करियर की अब तक की सबसे बड़ी सफलता बन चुकी है और उनकी सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म बन चुकी है। अब तक 'टॉयलेट- एक प्रेम कथा' अक्षय की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली थी, जिसने 134.25 करोड़ का कलेक्शन किया था। 100 करोड़ में पहुंचने वाली 2.0 अक्षय कुमार की दसवीं फ़िल्म है। साथ ही 100 करोड़ से अधिक कमाई करने वाली अक्षय की सबसे तेज़ फ़िल्म भी है। अक्षय की फ़िल्मों को 100 करोड़ तक पहुंचने में लगे दिन इस प्रकार हैं-

  • 2.0- 166.75 करोड़- 5 दिन
  • टॉयलेट एक प्रेम कथा- 134.25 करोड़- 8 दिन
  • रुस्तम- 128 करोड़- 9 दिन
  • एयरलिफ़्ट- 129 करोड़- 10 दिन
  • राउडी राठौड़- 133 करोड़- 11 दिन
  • जॉली एलएलबी2- 117 करोड़-12 दिन
  • गोल्ड- 105 करोड़- 13 दिन
  • हाउसफुल3- 109 करोड़- 13 दिन
  • हॉलीडे- 113 करोड़- 15 दिन
  • हाउसफुल2- 116 करोड़- 17 दिन

पहले हफ़्ते में 2.0 का सफ़र

2.0, 29 नवंबर को गुरुवार को रिलीज़ हुई थी। देश में फ़िल्म को लगभग 4000 स्क्रींस पर रिलीज़ किया गया। फ़िल्म ने ₹20.25 करोड़ की धांसू ओपनिंग ली थी। नॉन हॉलीडे रिलीज़ को देखते हुए यह आंकड़ा बेहतरीन है। दूसरे दिन यानि शुक्रवार को कलेक्शन गिरा और ₹18 करोड़ ही मिल सके, जबकि तीसरे दिन यानि शनिवार को आंकड़ों में क़रीब 23 फीसदी उछाल आया और 2.0 ने ₹25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। वहीं, रविवार को तो कलेक्शंस ने जैसे आसमान छू लिया और 34 करोड़ अपनी झोली में डाले। इस तरह 4 दिन लंबे ओपनिंग वीकेंड में 2.0 का कुल नेट कलेक्शन ₹97.25 करोड़ हो गया।

ओपनिंग वीकेंड के बाद भी बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा। पहले सोमवार को फ़िल्म ने ₹13.75 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं मंगलवार को भी ज़्यादा गिरावट नहीं आयी और फ़िल्म ने ₹11.50 करोड़ जमा कर लिये। फ़िल्म ने बुधवार को 9.50 करोड़ जमा किये थे। गुरुवार को 7.75 करोड़ मिले। पहले हफ़्ते (आठ दिन) में फ़िल्म को 139.75 करोड़ मिले। 

  • पहले हफ़्ते में रिलीज़ के छठे दिन 2.0 ने एसएस राजामौली की 'बाहुबली- द बिगिनिंग' के कलेक्शंस को पार कर लिया। 2015 में आयी इस तेलुगु फ़िल्म के हिंदी वर्ज़न ने ₹117 करोड़ की कमाई का रिकॉर्ड बनाया था। 'बाहुबली2' रिलीज़ होने से पहले तक किसी डब हिंदी फ़िल्म की यह सबसे अधिक कमाई थी। हालांकि 2.0 और बाहुबली सीरीज़ की फ़िल्मों में फ़र्क यह है कि 2.0 डब फ़िल्म नहीं है, बल्कि तमिल के साथ तेलुगु और हिंदी में बनायी गयी है।
  • सातवें दिन 2.0 ने स्त्री के लाइफ़ टाइम कलेक्शंस को पीछे छोड़ दिया। स्त्री ने 129.67 करोड़ जमा किये थे। 

वर्ल्डवाइड 500 करोड़ पार

फ़िल्म ट्रेड से जुड़े सूत्रों के अनुसार, लगभग 500 करोड़ के बजट में बनी 2.0 दुनियाभर में पहले हफ़्ते में ₹520 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है, जिसमें से ₹392 करोड़ सिर्फ़ भारत में कमाये हैं, जबकि ₹128 करोड़ ओवरसीज़ से आये हैं। फ़िल्म ने लगभग ₹370 करोड़ की रिकवरी रिलीज़ से पहले ही विभिन्न राइट्स के माध्यम से कर ली है। कुछ प्रमुख देशों में 2.0 के पहले हफ़्ते (29 नवंबर-5 दिसम्बर) के ग्रॉस कलेक्शंस इस प्रकार रहे-

  • श्रीलंका- ₹2.86 करोड़
  • पाकिस्तान- ₹1.76 करोड़
  • यूएसए- ₹29.28 करोड़
  • यूके- ₹5.55 करोड़
  • ऑस्ट्रेलिया- ₹5.86 करोड़
  • न्यूज़ीलैंड- ₹1.10 करोड़

2.0 ने अमेरिकी बॉक्स ऑफ़िस पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। फ़िल्म 5 मिलियन डॉलर क्लब में एंट्री ले चुकी है। रविवार तक यूएस में फ़िल्म ने 5000420 डॉलर का कारोबार कर लिया है। 2018 में यह कारनामा संजू और पद्मावत ने किया है। वहीं, सिर्फ़ दक्षिण भारतीय फ़िल्मों की बात करें तो 2.0 यह पड़ाव हासिल करने वाली तीसरी फ़िल्म है। इससे पहले बाहुबली और बाहुबली2 यह मुकाम पा चुकी हैं। बाहुबली2 ने 20.6 मिलियन डॉलर और प्रीक्वल ने 6.99 मिलियन डॉलर का कारोबार किया है।

शंकर के निर्देशन में बनी 2.0 साइंस फ़िक्शन फ़िल्म है, जिसमें अक्षय कुमार ने पक्षीराजन नाम के ऐसे पक्षी विशेषज्ञ का रोल निभाया है, जो मोबाइल फोन और टॉवरों से निकलने वाले विकिरण की वजह से पक्षियों पर मंडरा रहे ख़तरे से चिंतित है। एक हादसे में उसमें सुपर पॉवर्स आ जाती हैं और वो मोबाइल फोन के ख़िलाफ़ जंग छेड़ देता है। इस जंग में उसे रोकने के लिए लौटता है सुपर रोबोट चिट्टी। फ़िल्म में रजनीकांत डबल रोल में हैं। कम्प्यूटर जीनियस डॉ. वशीगरन के अलावा उन्होंने चिट्टी का भी किरदार निभाया है। वहीं एमी जैक्सन फ़िल्म में मानवीय रोबोट के रोल में हैं। फ़िल्म को क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.