China Box Office: '2.0' से पहले चीन में 'पैडमैन' का जलवा, 6 दिनों में 50 करोड़ पार
इससे पहले 12 अक्टूबर को रानी मुखर्जी की फ़िल्म हिचकी चीनी बॉक्स ऑफ़िस पर उतारी गयी थी, जिसने 13.94 मिलियन डॉलर का कलेक्शन कर लिया था, जो ₹102.09 करोड़ बनता है।
मुंबई। भारत में शानदार प्रदर्शन के बाद रजनीकांत और अक्षय कुमार की फ़िल्म 2.0 को चीन में बड़े पैमाने पर रिलीज़ करने की तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, अक्षय की 'पैडमैन' चीन में रिलीज़ हो चुकी है और औसत प्रदर्शन कर रही है।
पिछले कुछ वक़्त से चीन भारतीय फ़िल्मों के लिए बड़ा बाज़ार बन चुका है। घरेलू और ओवरसीज़ बाज़ार में अपना दमख़म दिखाने के बाद चीन में भारतीय फ़िल्में रिलीज़ करने का रिवाज़ अब बढ़ रहा है। पिछले कुछ सालों में भारतीय फ़िल्मों ने चीनी बॉक्स ऑफ़िस पर सफलता के नये झंडे गाड़े हैं। अब घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर गदर मचा रही 2.0 चीन जाएगी। निर्माताओं ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसके मुताबिक फ़िल्म वहां 10,000 थिएटर्स में 56000 स्क्रींस पर 2019 के मई महीने में रिलीज़ की जाएगी। इनमें से 47000 स्क्रींस 3 डी हैं। 3 डी में चीन में यह किसी विदेशी फ़िल्म की सबसे बड़ी रिलीज़ होगी। 2.0 की निर्माता कंपनी लायका प्रोडक्शंस ने इसके लिए चीन की एचवाय मीडिया से हाथ मिलाया है।
शंकर के निर्देशन में बनी 2.0 साइंस फ़िक्शन फ़िल्म है, जिसमें अक्षय कुमार ने पक्षीराजन नाम के ऐसे पक्षी विशेषज्ञ का रोल निभाया है, जो मोबाइल फोन और टॉवरों से निकलने वाले विकिरण की वजह से पक्षियों पर मंडरा रहे ख़तरे से चिंतित है। एक हादसे में उसमें सुपर पॉवर्स आ जाती हैं और वो मोबाइल फोन के ख़िलाफ़ जंग छेड़ देता है। इस जंग में उसे रोकने के लिए लौटता है सुपर रोबोट चिट्टी। फ़िल्म में रजनीकांत डबल रोल में हैं। कम्प्यूटर जीनियस डॉ. वशीगरन के अलावा उन्होंने चिट्टी का भी किरदार निभाया है। वहीं एमी जैक्सन फ़िल्म में मानवीय रोबोट के रोल में हैं। फ़िल्म को क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। भारत में फिल्म लगभग 400 करोड़ का कारोबार कर चुकी है।
शुक्रवार (14 दिसम्बर) को अक्षय की 'पैडमैन' चीन में रिलीज़ हो चुकी है। पहले दिन फ़िल्म ने पेड प्रीव्यूज़ मिलाकर ₹10.93 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि दूसरे दिन शनिवार को आंकड़े कुछ बेहतर हुए और फ़िल्म ने ₹14.61 करोड़ जमा किये। पैडमैन ने ₹37.61 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड करके नंबर 3 पर डेब्यू किया। वहीं, मंगलवार तक टोटल कलेक्शन ₹46.70 करोड़ हो चुका था। बुधवार को फ़िल्म ने ₹4.97 करोड़ और जमा किये, जिसके बाद 6 दिनों का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन ₹51.67 करोड़ हो गया।
इससे पहले 12 अक्टूबर को रानी मुखर्जी की फ़िल्म हिचकी चीनी बॉक्स ऑफ़िस पर उतारी गयी थी, जिसने शानदार कलेक्शन किया था। हिचकी ने 25 अक्टूबर तक 13.94 मिलियन डॉलर का कलेक्शन कर लिया था, जो ₹102.09 करोड़ बनता है। जिन फ़िल्मों ने चीनी बॉक्स ऑफ़िस पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है, उनमें आमिर ख़ान की दंगल, सीक्रेट सुपरस्टार, पीके, सलमान ख़ान की बजरंगी भाईजान और इरफ़ान ख़ान की हिंदी मीडियम शामिल हैं। इन फ़िल्मों के चीनी बॉक्स ऑफ़िस पर कलेक्शंस इस प्रकार हैैं-
हिंदी मीडियम- ₹102.18 करोड़
बजरंगी भाईजान- ₹55.22 करोड़
सीक्रेट सुपरस्टार- ₹173.82 करोड़
दंगल- ₹80.02 करोड़
पीके- ₹36.30 करोड़
बताते चलें कि चीन में स्क्रींस की तादाद भारत के मुकाबले कई गुना अधिक है। भारत में जहां लगभग 8500 स्क्रींस पर फ़िल्में रिलीज़ की जाती हैं, वहीं चीन में स्क्रींस की संख्या 60 हज़ार के आस-पास है। ख़ास बात यह है कि कुछ साल पहले सबसे ज़्यादा सिनेमा स्क्रींस अमेरिका के पास थीं, मगर चीन ने मनोरंजन उद्योग को अहमियत देते हुए अब अमेरिका को भी पीछे छोड़ दिया है। चीन में फ़िल्म टिकट का औसत दाम भी काफ़ी अधिक होता है। जानकारों के अनुसार, चीन में एक टिकट की औसत क़ीमत क़रीब ₹779 होती है, जिसके चलते भारतीय फ़िल्मों की चीन में अधिक कमाई होती है।