Coronavirus: 'डॉक्टरों की मेहनत को टंगड़ी ना लगाएं', अक्षय कुमार को आया गुस्सा, पार्टी करने वालों की लगाई क्लास
Akshay Lashes Outअक्षय ख़ुद क्वॉरंटाइन में चले गये हैं और उन्होंने वीडियो जारी करके बाक़ी लोगों से भी यही अपील की है कि अगर मुंबई में हैं तो बीएमसी के होम क्वारंटाइन का पालन करें।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड में इस वक़्त सिंगर कनिका कपूर का मामला गर्माया हुआ है। कनिका पर आरोप है कि लंदन से वापसी के बाद होम क्वॉरंटाइन में जाने के बजाए वो लखनऊ में पार्टी कर रही थीं। सरकार एडवायज़री के अनुसार, कुछ निश्चित देशों से आने वाले लोगों को 14 दिनों के सेल्फ़ क्वॉरंटाइन में रहना है, ताकि कोरोना वायरस से संक्रमण की सम्भावना को निरस्त किया जा सके।
इसके उलट कनिका लखनऊ में लोगों से मिल रही थीं। पार्टियों में शामिल हो रही थीं। बाद में उन्हें कोरोना वायरस कोविड 19 के संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही कनिका के संपर्क में लो लोग आये उन्हें भी संक्रमण का ख़तरा पैदा हो गया है। कनिका के अलावा और भी मामले सुनने को मिले हैं, जिनमें विदेश से आने के बाद होम क्वॉरंटाइन में जाने के बजाए लोग कहीं और चले गये। ऐसे लोगों की अक्षय कुमार ने एक वीडियो जारी करके तगड़ी क्लास लगाई है। अक्षय ने हैरानी जताते हुए कहा कि ये लोग पार्टी कर रहे हैं, आख़िर किस सोच के लोग हैं ये।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए पहला क़दम यही है कि सोशल इंटरेक्शन कम से कम कर दिया जाए। मगर, कुछ लोग इस बात को समझ नहीं रहे हैं। अक्षय ख़ुद क्वॉरंटाइन में चले गये हैं और उन्होंने वीडियो जारी करके बाक़ी लोगों से भी यही अपील की है कि अगर मुंबई में हैं तो बीएमसी के होम क्वारंटाइन का पालन करें।
अक्षय ने कहा- ''मुंबई में जो लोग बाहर से लौटे हैं। जिनका एयरपोर्ट पर टेस्ट किया जा रहा है। दो कोरोना टेस्ट में लो रिस्क केटेगरी में हैं। उन्हें एक स्टाम्प लगाकर होम क्वारंटाइन के लिए भेजा जा रहा है। या होटल भेजा जा रहा है। यह समझाकर कि दो हफ़्ते सोशल डिस्टेंस बनाकर रखें। देश के अलग-अलग हिस्सों में जा रहे हैं। शादियों में जा रहे हैं। छुट्टियों में जा रहे हैं। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जा रहे हैं। पार्टियां कर रहे हैं। किस तरह की सोच के लोग हैं ये। क्या मानसिकता है। क्या समझ नहीं आ रहा लोगों को।''
अक्षय आगे कहते हैं- ''कोरोना वायरस छुट्टी पर नहीं है। काफ़ी जोरशोर से काम कर रहा है। ओवरटाइम कर रहा है। इस रेस में वो आगे चल रहा है। हमें इस रेस को जीतना होगा। डॉक्टर्स, नर्स, पुलिस, अथॉरिटीज़ लोगों की मेहनत को लंगड़ी ना मारें। यह पहली रेस होगी, जिसमें सबसे पहले रुकने वाला रनर जीतेगा। इस रेस में सब साथ जीतेंगे या हारेंगे। बीएमसी इस मुहर को बैज ऑफ़ ऑनर कहती है। इस सम्मान का अपमान ना करें। किसी ने सोच समझकर ही कहा था- जान है तो जहान है।''
अक्षय की पूरी बात आप नीचे दिये गये वीडियो में भी सुन सकते हैं।
For the first time in life, the winner will be the one who will stay put! This is a race, one which will save us...Say yes to #SocialDistancing please 🙏🏻 #BreakCorona #TogetherAtHome @mybmc pic.twitter.com/fPIW8UvW13— Akshay Kumar (@akshaykumar) March 20, 2020
बता दें कि कुछ दिन पहले सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा भी लंदन से लौटे थे, मगर सोनम ने ख़ुद होम क्वॉरंटाइन में चली गयीं। दिल्ली स्थित अपनी ससुराल में सोनम 14 दिनों के लिए बंद हो गयी हैं, जिसकी इंटरनेट पर काफ़ी सराहना की जा रही है। वहीं, अमेरिका से लौटने के बाद अनुपम खेर भी 14 दिनों के लिए सेल्फ़ क्वॉरंटाइन में हैं।