33 साल बाद अनिल कपूर ने 'मिस्टर इंडिया' के इस गाने को लेकर बताया दिलचस्प किस्सा, आप भी जानें
मिस्टर इंडिया फिल्म 25 मई 1987 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अनिल कपूर के साथ दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी ने लीड रोल प्ले किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड के झक्कास एक्टर अनिल कपूर की फिल्म इंडस्ट्री में अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई हिट और यादगार फिल्में दी हैं। उन्हीं यादगार फिल्मों में से एक है बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'मिस्टर इंडिया'। इस फिल्म को 34 साल पूरे हो गए हैंं। इस खास मौके पर अनिल कपूर ने 'मिस्टर इंडिया' फिल्म के एक फेमस गाने का वीडियो शेयर किया है। इसके साथ ही उन्होंने यह बताया कि यह गाना किन मुश्किलों के बीच बनकर तैयार हुआ।
अनिल कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म 'मिस्टर इंडिया' के गाने 'जिंदगी की यही रीत है...' का वीडियो शेयर किया है। इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में इस सॉन्ग से जुड़ा दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया है। उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, ''मिस्टर इंडिया' के 34 साल। 'मिस्टर इंडिया' मेरे लिए बहुत जरूरी फिल्म थी और हमेशा रहेगी। मुझे याद है जब 34 साल पहले हमने इस सफर की शुरुआत की थी और मैं हर चीज की जानकारी के लिए जुनूनी था। जब मैंने 'जिंदगी की यही रीत है...' गाने की धुन सुनी थी तो मैं सिर्फ इसमें किशोर दा की आवाज की कल्पना कर रहा था। तब किशोर कुमार और लक्ष्मीकांत प्यारेलाल साथ काम करना नहीं चाहते थे। किशोर दा के संपर्क में आने में भी महीनों लग गए।'
इसी पोस्ट में अनिल ने आगे लिखा, 'मैं किशोर कुमार के घर गया और दोनों की बात करवाई। इसका परिणाम है ये शानदार मेलोडी जो आज के मुश्किल समय में भी याद की जा सकती है। आज 'मिस्टर इंडिया' को रिलीज हुए पूरे 33 साल हो गए हैं और यह संदेश आज भी उतना ही जरूरी है। एक-दूसरे के प्रति दयालु रहें, सही काम करें, जीवन कठिन हो सकता है, लेकिन अंत में, अच्छा रहेगा।'
आपको बता दें कि 'मिस्टर इंडिया' फिल्म 25 मई, 1987 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अनिल कपूर के साथ दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी ने लीड रोल प्ले किया था। वहीं इसमें एक्टर अमरीश पुरी ने निगेटिव रोल प्ले किया था। 'मिस्टर इंडिया' का निर्देशन शेखर कपूर ने किया था। 'मिस्टर इंडिया' का 'मोगैंबो खुश हुआ' डायलॉग आज भी सभी जुबान पर चढ़ा हुआ है।
फोटो क्रेडिट- मिड डे