Aditya Roy Kapur ने मोहित सूरी की फ़िल्म 'दो विलेन' को कहा अलविदा, लॉकडाउन में की थी ख़ूब तैयारी
Aditya Roy Kapur ने मोहित के साथ आशिकी 2 जैसी बेहद कामयाब फ़िल्म की थी। इसके बाद मलंग के लिए दोनों साथ आये थे जो बॉक्स ऑफ़िस पर ठीकठाक चली।
नई दिल्ली, जेएनएन। आदित्य रॉय कपूर ने मोहित सूरी की हिट फ़िल्म एक विलेन के सीक्वल दो विलेन को अलविदा कह दिया है। आदित्य का इस फ़िल्म से जाना उनके फैंस के लिए एक शॉकिंग ख़बर है, क्योंकि निर्देशक मोहित सूरी से उनके संबंध काफ़ी अच्छे रहे हैं। मोहित ने आदित्य को उनके करियर की पहली बड़ी सक्सेस आशिकी 2 दी थी। इसके बाद मलंग के लिए दोनों साथ आये थे। मोहित और आदित्य की यह तीसरी फ़िल्म होती।
कुछ वक़्त पहले आदित्य का फ़िल्म से फ़र्स्ट लुक भी रिलीज़ किया गया था, जिसकी फैंस ने वुल्वरीन से तुलना की थी। मुंबई मिरर की एक रिपोर्ट के अनुसार, फ़िल्म आदित्य फ़िल्म में कई लुक्स में नज़र आने वाले थे। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने अपनी फिज़िक भी काम किया था। मगर, पिछले कुछ वक़्त से दोनों के बीच काफ़ी क्रिएटिव डिफरेंस होने लगे थे, जिसके बाद मोहित और आदित्य ने अलग होना बेहतर समझा।
लॉकडाउन के दौरान मोहित और आदित्य अपने-अपने घरों से लगातार फ़िल्म पर काम कर रहे थे। दोनों एक दूसरे को रोज़ वीडियो कॉल करते थे और फिल्म के किरदार और प्लॉट की बारीकियों पर चर्चा करते थे। इसके बारे में बात करते हुए मोहित ने कहा था- "जब भी मैं आदि के साथ काम कर रहा होता हूं, मुझे अपना बेस्ट देने की जिम्मेदारी महसूस होती है। यही हमारे रिश्ते का नेचर भी है। इस फ़िल्म के साथ, हम और भी बेहतर करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा पहली बार है, जब आदित्य विलेन की भूमिका में होंगे। ये बहुत ही मज़ेदार होने वाला है।
दो विलेन में जॉन अब्राहम, तारा सुतारिया और दिशा पाटनी मुख्य किरदार निभा रहे हैं। सीक्वल का निर्माण एकता कपूर और भूषण कुमार कर रहे हैं। 2014 में आयी एक विलेन बॉक्स ऑफ़िस पर काफ़ी सफल रही थी। फ़िल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और श्रद्धा कपूर ने लीड रोल्स निभाये थे, जबकि रितेश देशमुख विलेन के किरदार में पहली बार दिखे थे। फ़िल्म का गलियां गाना काफ़ी हिट रहा था।
हिदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, मेकर्स अब किसी कम उम्र के एक्टर को आदित्य की जगह लेने की सोच रहे हैं, जो ग्रे शेड किरदार निभा सके।