आदित्य पंचोली के ख़िलाफ़ दुष्कर्म का मामला दर्ज़, अभिनेत्री को मिला शोभा डे का समर्थन
Aditya Pancholi Booked आदित्य पंचोली की छवि बॉलीवुड में एक गर्ममिज़ाज एक्टर के तौर पर बनी हुई है। उनका नाम पहले भी कई बार विवादों में फंसता रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड की प्रख्यात अभिनेत्री द्वारा गुरुवार को अपना बयान दर्ज कराने के बाद मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में आदित्य पंचोली के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। अभिनेत्री और आदित्य पंचोली के बीच काफी अरसे से विवाद चल रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में इस अभिनेत्री ने आदित्य पर पंचोली पर सार्वजनिक रुप से शारीरिक और मानसिक रुप से उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था।
मशहूर लेखिका शोभा डे ने एक ट्वीट के ज़रिए उक्त अभिनेत्री का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने दुष्कर्म के मामले में आदित्य पंचोली के ख़िलाफ़ केस दर्ज़ होने को न्याय की जीत ठहराया है। बताते चलें कि अभिनेता आदित्य पंचोली के ख़िलाफ़ मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में दुष्कर्म के मामले में शिकायत दर्ज़ करवायी गयी है। पुलिस ने आदित्य पंचोली के ख़िलाफ़ आईपीसी की कई धाराओं में केस दर्ज़ कर लिया है। शिकायत दर्ज़ करवाने वाली एक्ट्रेस की ओर से कहा गया है कि आदित्य पंचोली ने कई मौक़ों पर उनके साथ ज़बर्दस्ती की थी। यह भी आरोप है कि आदित्य पंचोली ने उनका कई मौक़ों पर मानसिक और शारीरिक रूप से शोषण भी किया था।
डीसीपी मंजूनाथ सिंगे की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ‘27 जून 2019 को वर्सोवा पुलिस स्टेशन में एक 36 वर्षीय महिला की शिकायत पर आईपीसी की धारा 376 (रेप), 323 (हमला या मारपीट), 384 (जबरन वसूली), 341 (गलत तरीके से रोकना), 342, 328, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। महिला का आरोप है कि वर्ष 2004-2009 के बीच 54 वर्षीय आरोपी ने उनका लगातार यौन शोषण किया। महिला के कहने के मुताबिक उनके प्राइवेट फोटोज परिवार और दोस्तों को न दिखाने के एवज में उनसे एक करोड़ की मांग की थी, जिसमें से पचास लाख रुपए महिला ने आरोपी को देने का दावा किया है।
महिला का यह भी आरोप है कि उन्होंने जब भी पुलिस में शिकायत करने की कोशिश की तो उन्हें रोका गया और मारपीट की गई। उन्हें घर में कैद किया गया। इस शिकायत के आधार पर वर्सोवा पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की पड़ताल करेगी। उधर, अभिनेत्री से जुड़े सूत्रों का कहना है कि उन्होंने इस मामले में कई सुबूत पुलिस को मुहैया कराए हैं।
आदित्य के ख़िलाफ़ इस पुलिस शिकायत की एक ख़बर को ट्वीट करते हुए मशहूर कॉलमनिस्ट शोभा डे ने लिखा है- ''आख़िरकार, क़ानून ने अपना काम किया। शोभा के इस ट्वीट से संकेत मिलता है कि इस मामले में भले ही कुछ देर हो गयी, लेकिन अंतत: सही दिशा में जा रहा है। न्याय मिलने वाला है।''
Finally!!! The law catches up...
From Discover on Google https://t.co/goM1PQeglA" rel="nofollow— Shobhaa De (@DeShobhaa) June 27, 2019