Sagarika Ghatge के पिता का 64 साल की उम्र में निधन, अभिनेत्री ने लिखा भावुक पोस्ट
बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी जहीर खान की पत्नी सागरिका घाटगे इन दिनों फिल्मों से दूर हैं लेकिन सोशल मीडिया पर वह अपने फैंस से जुड़ा रहती हैं। इस बीच सागरिका घाटगे के फैंस के लिए बुरी खबर है।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी जहीर खान की पत्नी सागरिका घाटगे इन दिनों फिल्मों से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वह अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं। इस बीच सागरिका घाटगे के फैंस के लिए बुरी खबर है। अभिनेत्री के पिता का निधन हो गया है। इस बात की जानकारी खुद सागरिका घाटगे ने सोशल मीडिया के जरिए दी है।
सागरिका घाटगे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं। वह अपने फैंस के लिए तस्वीरें और वीडियो साझा करती रहती हैं। पिता विजयसिन्हा घाटगे के निधन के बाद सागरिका घाटगे ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी है। सागरिका घाटगे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पिता के साथ तस्वीरें साझा की हैं। उनकी यह तस्वीरें बचपन से लेकर यंग होने तक की हैं।
इस तस्वीर को साझा करते हुए सागरिका घाटगे ने अपने पिता के लिए भावुक पोस्ट लिखा है। उन्होंने तस्वीर के पोस्ट में लिखा, 'मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि अब आप हमारे साथ नहीं है, लेकिन मैं जानती हूं कि आप शांतभरी जगह में हैं। मैं एक शून्य को महसूस कर रही हूं जो कभी नहीं भरेगा। शुक्रिया मुझे यह सिखाने के लिए कि कैसे बहादुर बना जाए और दुनिया का कैसे सामना किया जाए। मैं आपको बहुत प्यार करती हूं और आपको याद करती हूं, डैडी।'
अपने पिता के लिए लिखा सागरिका घाटगे का यह भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेत्री के कई फैंस और तमाम सोशल मीडिया यूजर्स उनकी पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। साथ ही सागरिका घाटगे के पिता के निधन पर दुख प्रकट कर रहे हैं। गौरतलब है कि सागरिका घाटगे के पिता विजयसिन्हा घाटगे का निधन अभिनेत्री के जन्मदिन के अगले दिन यानी 9 जनवरी हो हुआ था। वह 64 साल के थे।
आपको बता दें कि सागरिका घाटगे ने अभिनेता शाहरुख खान के साथ फिल्म 'चक दे इंडिया' से बॉलीवुड में अपने फिल्मी करियर की शुरुआ की थी। इसके बाद वह कई फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं। सागरिका घाटगे ने साल 2017 में भारतीय क्रिकेटर जहीर खान से शादी कर ली थी।