Coronavirus: भारत में ऑक्सीजन की कमी होने पर छलका सोनू सूद का दर्द, एक्टर ने कहा- 'मेरे देश को ऑक्सीजन की जरूरत है'
कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने देश की मुश्किलों को लगातार बढ़ाकर रखा हुआ है। देश की स्वास्थ्य व्यवस्था भी चरमरा गई है। कई अस्पतालों में कोरोना वायरस की दवाइयों ऑक्सीजन और बेड की किल्लत होने लगी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने देश की मुश्किलों को लगातार बढ़ाकर रखा हुआ है। देश की स्वास्थ्य व्यवस्था भी चरमरा गई है। कई अस्पतालों में कोरोना वायरस की दवाइयों, ऑक्सीजन और बेड की किल्लत होने लगी है। देश में इस समय इन सभी चीजों की इतनी कमी है कि भारत को अपने मित्र देशों से मदद मांगनी पड़ रही है। वहीं इनके अलावा बॉलीवुड के कई सितारे भी कोरोना वायरस की मार झेल रहे लोगों की मदद के लिए हर तरह की कोशिश कर रहे हैं।
इन्हीं में से एक मशहूर और दिग्गज फिल्म अभिनेता सोनू सूद हैं। सोनू सूद को गरीबों, जरूरमंद और परेशान लोगों की मदद करते हुए एक साल से ऊपर हो गया है। वह हर तरीके से लोगों की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन देश के कई अस्पातलों में ऑक्सीजन की कमी के लिए सोनू सूद खुद को बेबस समझ रहे हैं। इस बारे में सोशल मीडिया के जरिए भी फैंस को बताते रहते हैं।
ऐसे में लोगों की मदद करने में भी उन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। वहीं भारत में ऑक्सीजन की हो रही कमी को लेकर अब सोनू सूद का दर्द छलका है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भारत में ऑक्सीजन की हो रही कमी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोनू सूद सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वह अपने फैंस से जुड़े रहने के लिए खास पोस्ट भी साझा करते रहते हैं।
सोनू सूद ने भारत में हो रही ऑक्सीजन की कमी को लेकर अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'मेरे देश को ऑक्सीजन की जरूरत है।' अपने इस ट्वीट के साथ उन्होंने हाथ जोड़ते हुए और भारत के झंडे का इमोजी भी लगाया है। सोशल मीडिया पर सोनू सूद का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेता के फैंस उनके ट्वीट को पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
My country needs OXYGEN 🙏🇮🇳— sonu sood (@SonuSood) May 3, 2021
इससे पहले सोनू सूद ऑक्सीजन की कमी के चलते भारत के पड़ोसी मुल्क चीन पर भड़कने की वजह से चर्चा में थे। दरअसल सोनू सूद को टैग करके किसी ने बताया कि चीन से सैकड़ों ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर्स भारत लाना है लेकिन चीन इसमें रुकावटें पैदा कर रहा है। बस फिर क्या था सोनू ने ट्वीट कर सीधे चीन से ही पूछ लिया। अपने ट्वीट में सोनू सूद लिखते हैं कि 'हम लोग कोशिश कर रहे हैं कि सैकड़ों ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर्स भारत लाया जाए। यह कहना दुखद है कि चीन ने हमारे कई सारे कंसाइन्मेंट्स ब्लॉक कर दिए हैं और यहां भारत में हर मिनट जिंदगियां खत्म हो रही हैं। मैं @China_Amb_India @MFA_China से गुजारिश करता हूं कि हमारे कंसाइन्मेंट्स का रास्ता साफ करने में हमारी मदद करें जिससे हम लोगों की जिंदगियां बचा सकें।' सोनू सूद ने इस ट्वीट के साथ भारत में चीन के राजदूत और चीनी देश मंत्रालय को भी टैग किया है।
वहीं इस पर चीनी राजदूत सुन वेइदांग ने लिखा ‘मि. सूद आपके ट्विटर से जानकारी मिली है। कोविड 19 से भारत की लड़ाई में चीन पूरी तरह से मदद करेगा। मेरी जानकारी के मुताबिक चीन से भारत के सभी कार्गो फ्लाइट्स रुट्स सामान्य हैं। बीते दो हफ्ते में चीन से भारत के बीच कार्गो फ्लाइट्स ठीक तरह से काम कर रहा है।‘