मौनी रॉय के लिए बेहद स्पेशल है यह बर्थडे, बड़े पर्दे पर छा रहीं छोटे पर्दे की 'बहुएं'
टीवी इंडस्ट्री में लंबे समय तक काम करने के बाद मौनी को बड़े पर्दे पर अपना टैलेंट दिखाने का मौक़ा मिल गया है। 2018 में कई टीवी एक्ट्रेस छोटे से बड़े पर्दे का सफ़र तय कर रही हैं।
मुंबई। छोटे पर्दे की ख़ूबसूरत नागिन मौनी रॉय 28 सितम्बर को अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं। यह बर्थडे मौनी के लिए बेहद ख़ास है, क्योंकि इसी साल मौनी ने बेहद कामयाब बॉलीवुड डेब्यू किया है, जो बहुत कम कलाकारों को नसीब होता है। मौनी ने अक्षय कुमार की फ़िल्म 'गोल्ड' से फ़िल्मों में गोल्डन डेब्यू किया।
15 अगस्त को रिलीज़ हुई गोल्ड में मौनी ने अक्षय की बंगाली पत्नी का किरदार निभाया। टीवी पर इच्छाधारी नागिन बनकर छायीं मौनी के लिए इससे ज़्यादा कमाल की बात क्या होगी कि उनका डेब्यू 100 करोड़ की फ़िल्म से हुआ है। गोल्ड बॉक्स का ऑफ़िस कलेक्शन 107 करोड़ के आंकड़े को पार कर गया। वैसे मौनी इसके बाद रणबीर कपूर की फ़िल्म 'ब्रह्मास्त्र' में भी नज़र आने वाली हैं, जिसे अयान मुखर्जी निर्देशित कर रहे हैं। इस फ़िल्म में मौनी को अमिताभ बच्चन और आलिया भट्ट के साथ भी काम करने का मौक़ा मिलेगा। राजकुमार राव के साथ वो 'मेड इन इंडिया' में काम कर रही हैं।
टीवी इंडस्ट्री में लंबे समय तक काम करने के बाद मौनी को आख़िरकार बड़े पर्दे पर अपना टैलेंट दिखाने का मौक़ा मिल गया है। मौनी की तरह ही 2018 में कई टीवी एक्ट्रेस छोटे से बड़े पर्दे का सफ़र तय कर रही हैं।
विशाल विशाल भारद्वाज की फ़िल्म 'पटाख़ा' से टीवी एक्ट्रेस राधिका मदान अपना बॉलीवुड करियर शुरू कर रही हैं। फ़िल्म में मदान का किरदार एक देहाती और बेहद लड़ाकू लड़की का है, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया है। उनके किरदार का नाम चम्पा कुमारी यानि बड़की है। राधिका एकता कपूर की खोज हैं। उन्होंने अपना करियर एकता के टीवी शो 'मेरी आशिक़ी तुमसे ही' से शुरू किया था। इस शो में उन्होंने ईशानी वघेला का रोल प्ले किया था। डांस रिएलिटी शो 'झलक दिखला जा' में भी राधिका ने पार्टिसिपेट किया था। फ़िल्म सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है।
राधिका की पहली साइन फ़िल्म 'मर्द को दर्द नहीं होता' है, जिससे भाग्यश्री के बेटे अभिमन्यु दसानी बॉलीवुड डेब्यू कर रहे हैं। फ़िल्म में सुनील ग्रोवर भी एक अहम किरदार में दिखेंगे। टीवी इंडस्ट्री में राधिका नागिन के लिए मशहूर हुईं मौनी रॉय और अर्जुन बिजलानी की अच्छी दोस्त हैं।
मृणाल ठाकुर ने 'लव सोनिया' से अपना बॉलीवुड करियर शुरू कर दिया है। ह्यूमेन ट्रैफ़िकिंग की संवेदनशील समस्या पर बनी इस 'लव सोनिया' की सोनिया मृणाल ठाकुर हैं। इसी किरदार के इर्द-गिर्द फ़िल्म की कहानी रची गयी। वैसे फ़िल्म में मनोज और मृणाल के अलावा राजकुमार राव, फ्रैडा पिंटो, अनुपम खेर, रिचा चड्ढा, रिया सिसोदिया, साई तम्हांकर और हॉलीवुड की विख्यात अदाकार डेमी मूर विभिन्न किरदारों में दिखे। मृणाल की यह पहली हिंदी फ़िल्म है। वैसे दो मराठी फ़िल्मों में वो काम कर चुकी हैं। टीवी पर मृणाल कुमकुम भाग्य, नच बलिए 7, सौभाग्यलक्ष्मी समेत कई शोज़ में दिखती रही हैं। लव सोनिया में मृणाल ग्लैमरहीन अवतार में नज़र आयीं। ख़ास बात यह है कि मृणाल रितिक रोशन के साथ 'सुपर 30' में भी एक अहम रोल में नज़र आने वाली हैं, जो अगले साल रिलीज़ हो रही है।
कृतिका कामरा छोटे पर्दे का एक प्रमुख चेहरा हैं, जो अब बड़े पर्दे पर भी आ चुका है। कृतिका जैकी भगनानी के साथ मित्रों फ़िल्म से फ़िल्मी पारी शुरू कर चुकी हैं। यह कॉमिक बडी फ़िल्म है। कृतिका ने कितनी मोहब्बत शो से एक्टिंग की दुनिया में क़दम रखा। इसके बाद प्यार का बंधन, ज़रा नचके दिखा, कितनी मोहब्बत है 2, एक थी नायिका और रिपोर्टर्स जैसे शोज़ में प्रमुख या मुख्य किरदार निभाये। फ़िलहाल वो प्रेम या पहली- चंद्रकांता शो में नज़र आ रही हैं।
जेपी दत्ता की फ़िल्म 'पलटन' साठ के दशक में हुए भारत-चीन युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फ़िल्म में जैकी श्रॉफ, सोनू सूद, अर्जुन रामपाल, लव सिन्हा, गुरमीत चौधरी, हर्षवर्धन राणे और सिद्धांत कपूर मुख्य किरदारों में नज़र आये। फ़ीमेल लीड में ईशा गुप्ता, सोनल चौहान और दीपिका कक्कड़ के नाम प्रमुख हैं। दीपिका ने इस फ़िल्म से बॉलीवुड डेब्यू किया। दीपिका छोटे पर्दे का बड़ा नाम हैं। उन्हें दर्शक ससुराल सिमर का शो के लिए जानते हैं। दीपिका इन दिनों बिग बॉस 12 में भी सेलेब्रिटी कंटेस्टेंट के तौर पर दिख रही हैं।
अंकिता लोखंडे दो बातों के लिए ग्लैमर इंडस्ट्री में मशहूर रही हैं। एक पवित्र रिश्ता और दूसरा सुशांत सिंह राजपूत से रिश्ता, जो इस शो और निजी ज़िंदगी में उनके साथ थे, मगर अब दोनों के रास्ते जुदा हो चुके हैं। अंकिता अब इन दोनों के अलावा 'मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी' के लिए भी चर्चा में रहती हैं। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की बायोपिक फ़िल्म में कंगना रनौत टाइटल रोल में हैं, जबकि अंकिता झलकारी बाई का एक बेहद इम्पोर्टेंट रोल निभा रही हैं, जिसका लक्ष्मीबाई के वीरांगना बनने की कहानी में बड़ा योगदान है, मगर ज़्यादा लोग इससे अनजान हैं।