विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कश्मीरी हिंदुओं के टारगेट किलिंग मामले में नौ आतंकियों के घर छापे, सिम कार्ड, लैपटॉप व हार्ड डिस्क बरामद

By Jagran NewsEdited By: Nidhi Vinodiya
Published: Thu, 01 Jun 2023 11:15 PM (IST)

प्रदेश जांच एजेंसी ने वीरवार को अनंतनाग शोपियां और पुलवामा जिले में टीआरएफ और कश्मीर फ्रीडम फाइटर्स से जुड़े नौ ...और पढ़ें

कश्मीरी हिंदू की टारगेट किलिंग मामले में नौ आतंकियों के घर छापे, सिम कार्ड, लैपटॉप की हार्ड डिस्क बरामद
कश्मीरी हिंदू की टारगेट किलिंग मामले में नौ आतंकियों के घर छापे, सिम कार्ड, लैपटॉप की हार्ड डिस्क बरामद

श्रीनगर, राज्य ब्यूरो : प्रदेश जांच एजेंसी (एनआईए) ने वीरवार को अनंतनाग, शोपियां और पुलवामा जिले में टीआरएफ और कश्मीर फ्रीडम फाइटर्स से जुड़े नौ आतंकियों के घरों की तलाशी ली। यह कार्रवाई गत 26 फरवरी को पुलवामा के अच्छन में हुई कश्मीरी हिंदू संजय शर्मा की हत्या की जांच के सिलसिले में हुई है।

पेन ड्राइव, मेमोरी कार्ड और कुछ बैंक दस्तावेज बरामद

एसआइए ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है और न किसी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, छापे के दौरान कुछ मोबाइल फोन व सिमकार्ड, लैपटाप की हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, मेमोरी कार्ड और कुछ बैंक दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। इनकी जांच की जा रही है।

संबंधित अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग जिले में अनंतनाग, छत्तरगुल, सेमथन, शांगस, उत्तरस्सु शोपियां जिले के केचवा और शीरमाल में और पुलवामा जिले के मंजपोरा लित्तर में दो मकानों की तलाशी ली गई है।

आतंकियों व ओवरग्राउंड वर्करों के घरों की तलाशी

एसआइए ने पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों के साथ मिलकर एक साथ इन तीन जिलों में पहले से चिह्नित स्थानों पर छापा डाला। पुलवामा के मंजपोरा में मोहम्मद रुस्तम डार और बासित गुलजार मीर के घर की तलाशी ली गई है। शीरमाल में अबरार अहमद के घर की तलाशी ली गई है। इसके अलावा अन्य अन्य आतंकियों व ओवरग्राउंड वर्करों के घरों की तलाशी ली गई है।

छानबीन में मिले कई अहम सुराग

अधिकारियों ने बताया कि आतंकियों ने 26 फरवरी को अच्छन पुलवामा में बैंक एटीएम के गार्ड संजय शर्मा की हत्या कर दी थी। वह अपनी पत्नी संग डाक्टर के पास जा रहा था। पहले इस मामले की जांच पुलवामा पुलिस कर रही थी, लेकिन बाद में इसे एसआइए के हवाले कर दिया गया। मामले की जांच में जुटे एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक की छानबीन में कई अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।