हावड़ा में बोलीं स्मृति इरानी, बंगाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं, ‘दुष्कर्म’ बन गया है ममता का राजनीतिक हथियार
स्मृति ईरानी ने कहा कि टीएमसी के गुंडे 80 वर्षीय वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या कर देते हैं। भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी के साथ दुष्कर्म किया जाता है। बंगाल की जनता ने तय कर लिया है कि दीदी का खेला खत्म होगा और बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को बंगाल के हावड़ा में ममता बनर्जी की सरकार पर जमकर हमला बोला। बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल में ‘दुष्कर्म’ ममता बनर्जी का नया राजनीतिक हथियार बन गया है।
उन्होंने कहा कि टीएमसी के गुंडे 80 वर्षीय वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या कर देते हैं। भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी के साथ दुष्कर्म किया जाता है। बंगाल की जनता ने तय कर लिया है कि दीदी का खेला खत्म होगा और बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा की सरकार टीएमसी के गुंडों को जेल की सलाखों में भेजेगी।
भाजपा बनाएगी ‘सोनार बांग्ला’
स्मृति ईरानी ने कहा, भाजपा ‘सोनार बांग्ला’ बनाना चाहती है। ‘सोनार बांग्ला’ का संस्कार महिला को सम्मान और सुरक्षा देने का संस्कार है, जबकि टीएमसी का संस्कार महिला के साथ दुष्कर्म करने, महिला का अपमान करने और महिला की हत्या करने का है। उन्होंने कहा, दीदी बोल रही हैं कि खेला होगा। क्या यही खेला है? महिला सम्मान के साथ खेला किया है। बंगाल की महिलाओं के साथ खेला किया है। बंगाल की महिला और मिट्टी का अपमान खेला है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को हावड़ा के श्यामपुर ग्रामीण व बागनान एवं दक्षिण 24 परगना जिले के लक्ष्मीकांतपुर में सभा को संबोधित किया। अंत में हुगली के तारकेश्वर में उनकी जनसभा थी।
कितनी सभा रद करेंगी दीदी, न बम से डर है न गोली से : रवि किशन
भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन ने बुधवार को एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि उनकी चुनावी सभाओं को रोकने के लिए बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पूरा जोर लगा रहीं हैं। रवि किशन ने कहा कि दीदी के लोगों ने मेरी दो सभाएं और रद करवा दी। दमदम और रासबिहारी जनसभा इनमें शामिल हैं। रवि किशन ने कहा कि दीदी आप चाहे कितने ही तानाशाहों वाले हथकंडे आजमा लें बंगाल में सरकार तो भाजपा की ही बनेगी वो भी 200 से ज्यादा सीटों के साथ।