रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कल पश्चिम बंगाल में रोड शो, सार्वजनिक बैठक में भी होंगे शामिल
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खुद ट्वीट करते हुए अपने पश्चिम बंगाल के दौरे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वहां वे एक सार्वजनिक बैठक में हिस्सा लेंगे और साथ ही बाद में एक रोड शो भी होगा।
नई दिल्ली, एएनआइ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जानकारी दी कि वह कल एक सार्वजनिक बैठक के लिए पश्चिम बंगाल के बालुरघाट जाएंगे। उन्होंने ट्वीट किया, 'कल 26 फरवरी को मैं एक सार्वजनिक सभा के लिए पश्चिम बंगाल के बालूरघाट में रहूंगा। इसके बाद रोड शो होगा।'
इससे पहले आज पश्चिम बंगाल भाजपा के उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि शहर की पुलिस द्वारा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर रैली आयोजित करने की अनुमति से इनकार करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन यात्रा रद्द कर दी गई।
उन्होंने कहा कि बैरकपुर सिटी पुलिस ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर कांचरापारा से बैरकपुर तक घोष पारा रोड पर आज की परिवर्तन यात्रा की अनुमति रद्द कर दी है। यात्रा स्थगित कर दी गई है, हम अदालत में जाएंगे और यात्रा को फिर से शुरू करेंगे।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाकी कार्यक्रम तय कार्यक्रम के अनुसार हो रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। पश्चिम बंगाल को सोनार बांग्ला बनाने के पार्टी के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने आज चुनावी घोषणा पत्र अभियान का शुभारंभ किया है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए विधानसभा चुनाव अप्रैल-मई में होने वाले हैं। हालांकि, चुनाव आयोग को अभी अंतिम तारीखों की घोषणा करना बाकी है।