जानें बंगाल के लिए भाजपा के विजन डाक्यूमेंट में क्या है खास, कौन-कौन से हो सकते हैं बड़े एलान
बंगाल चुनाव के लिए गृह मंत्री अमित शाह रविवार को भाजपा का विजन डाक्यूमेंट जारी करेंगे। भाजपा के इस विजन डाक्यूमेंट में विकास पर ध्यान केंद्रित करने के साथ-साथ भ्रष्टाचार मुक्त सरकार प्रदान करने पर भी फोकस होगा।
नई दिल्ली, एएनआइ। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियां बस अंतिम दौर में है। चुनाव में सिर्फ एक हफ्ते का समय बचा है। भारतीय जनता पार्टी रविवार को पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए अपना विजन डाक्यूमेंट (घोषणा पत्र) जारी करेगी। विजय डाक्यूमेंट में भाजपा का पूरा फोकस रोजगार और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार प्रदान करने पर रहेगा। इसके साथ ही भाजपा इसमें कई और बड़े एलान कर सकती है। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को लेकर बड़ी घोषणाएं संभव है। पार्टी राज्य की कुछ जातियों को ओबीसी में शामिल करने का एलान कर सकती है।
अपने विजन डाक्यूमेंट में भाजपा अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं को विकसित करने, लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने, उद्योगों को पुनर्जीवित करने, किसानों के हित के साथ भूमि अधिग्रहण नीति, प्रौद्योगिकी और अन्य मॉडलों के साथ किसानों की आय बढ़ाने, खेती, जूट और चाय उद्योग को बढ़ावा देने और पुलिस का आधुनिकीकरण जैसे एलान हो सकते हैं।
सूत्रों ने कहा कि पार्टी को सुझाव मिला है कि राज्य में 2-3 पहिया ऑटो हब स्थापित करने के लिए गैर-कृषि योग्य भूमि की पहचान की जाए क्योंकि बांग्लादेश और पूर्वोत्तर राज्यों में इसके लिए बहुत बड़ा बाजार है। पार्टी रोजगार बढ़ाने के प्रयासों के तहत पेट्रोलियम, रासायनिक और पेट्रोकेमिकल निवेश से संबंधित आश्रित परियोजनाओं को पुनर्जीवित करने का वादा कर सकती है। सूत्र ने बताया कि हमारा अनुमान है कि हम पांच साल में 1 करोड़ नौकरियों पैदा कर सकते हैं।
विजन डाक्यूमेंट में जिला-वार उत्पादों को बचाने का वादा किया जा सकता है। पार्टी उत्तर प्रदेश की तर्ज पर फिल्म उद्योग के लिए भूमि का वादा कर सकती है। राज्य में समग्र विकास के लिए राज्य नीती अयोग का वादा किया जा सकता है। इसके अलावा टीएमसी सरकार की विफलताओं और इसकी खराब नीतियों के बारे में भी बात हो सकती है। बंगाल के किसानों के लिए कृषक सम्मान निधि के तहत 18,000 रुपये देने की घोषणा हो सकती है, जिसमें पिछले दो वर्षों से बकाया 75 लाख किसानों को लाभ देना है। इसके साथ ही राज्य के लोगों को 25 लाख पक्के मकान बनाकर देना भी शामिल है।