जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) अभी लागू नहीं होगा। यदि भविष्य में लागू भी होगा तो गोरखाओं पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि गोरखा घुसपैठिए नहीं हैं।
शाह ने कहा- दीदी लोगों के बीच अपवाह फैला रही हैं
दार्जिलिंग में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मंगलवार को शाह ने कहा कि यह जमीन जितनी मेरी है, उतनी ही गोरखाओं की भी। दीदी (मुख्यमंत्री ममता बनर्जी) लोगों के बीच अपवाह फैला रही हैं, लेकिन इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
शाह ने कहा- गोरखाओं की समस्या का राजनीतिक समाधान केंद्र और बंगाल सरकार निकालेंगी
विधानसभा चुनाव के चलते यहां पहुंचे शाह ने कहा कि गोरखाओं की समस्या का राजनीतिक समाधान सभी की चिंता का विषय है। इनकी समस्या का स्थायी राजनीतिक समाधान भाजपा की केंद्र सरकार और बंगाल सरकार मिलकर ही निकालेंगी। भारतीय संविधान में सभी के लिए प्रविधान है। समस्या के समाधान के लिए आपको आंदोलन नहीं करना पड़ेगा।
शाह ने कहा- गोरखाओं की 12 जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा देंगे
हम गोरखाओं की 12 जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा देंगे और उनका अधिकार देंगे। इतना ही नहीं, शाह ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस, कम्युनिस्ट और तृणमूल कांग्रेस ने दार्जिलिंग के विकास पर फुलस्टाप लगा दिया है। देश बहुत आगे निकल गया और दार्जिलिंग वहीं है। सभी ने दार्जिलिंग को आराम करने की जगह समझा। भाजपा पांच साल में दार्जिलिंग की सभी समस्याओं का समाधान कर देगी। दो मई को पहाड़ पर आग नहीं लगेगी, दीये जलाकर उत्सव मनाया जाएगा।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप






















