विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

West Bengal Election 2026: बांकुड़ा में गरजे अमित शाह, ‘ममता सरकार हटाओ, सिंडिकेट राज मिटाओ’

By Kaushal SinghEdited By: Mritunjay Pathak
Published: Sat, 11 Apr 2026 07:15 PM (GMT+05:30)

Amit Shah Rally in Bankura: अमित शाह ने बांकुड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल से 'सिंडिकेट राज' ...और पढ़ें

बाकुड़ा में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।

बाकुड़ा में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।

HighLights

  1. सिंडिकेट राज खत्म कर भाजपा सरकार बनाने का आह्वान।

  2. किसानों को आलू का उचित दाम, युवाओं को रोजगार का वादा।

  3. महिलाओं की सुरक्षा, 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होंगी।

कौशल सिंह, बांकुड़ा। आप सभी बिना डर के भाजपा को वोट करें। चार मई से सिंडिकेट राज खत्म होने वाला है। 23 अप्रैल को कमल के निशान पर बटन दबाइए और भाजपा की सरकार बनाइए। पूरे पश्चिम बंगाल से ममता दीदी के सिंडिकेट को समाप्त कर देंगे।

यहां सीमेंट लेने जाओ तो सिंडिकेट, पत्थर लेना हो तो सिंडिकेट, ईंट और बालू लेना हो तो भी सिंडिकेट। आपको इस सिंडिकेट राज को खत्म करना है। यह ममता और उनके भतीजे की खून चूसने वाली सरकार है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही इस सिंडिकेट राज को समाप्त कर देंगे।

उक्त बातें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहीं। वह शनिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 के दौरान बांकुड़ा के ओंडा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अमरनाथ शाखा और विष्णुपुर विधानसभा क्षेत्र की प्रत्याशी शुक्ला चटर्जी समेत अन्य उम्मीदवारों के समर्थन में रामसागर मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। गृह मंत्री के आने से पहले ही रामसागर स्कूल मैदान खचाखच भर चुका था।

शाह ने अपने संबोधन में बांकुड़ा की कलाकृतियों और विष्णुपुर घराने की ध्रुपद कला का उल्लेख करते हुए इसके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही विष्णुपुर की विश्व प्रसिद्ध हस्तशिल्प कला से बनने वाली बालूचरी साड़ियों और पंचमूड़ा के कुम्हारों के उत्पादों पर जीआई टैग से संबंधित कर समाप्त कर दिया जाएगा।

किसानों व युवाओं से भी वादे

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बंगाल के युवा रोजगार के अभाव में पलायन को मजबूर हैं। किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। जिस आलू की कीमत 20 रुपये प्रति किलो मिलनी चाहिए, वह नहीं मिल पा रही है, जिससे किसान उसे सड़क पर फेंकने को मजबूर हैं।

किसानों को मिलेगा आलू का उचित दाम

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही बंगाल का आलू ओडिशा, झारखंड और बिहार तक बेचा जा सकेगा, जिससे किसानों को उचित कीमत मिलेगी। साथ ही विष्णुपुर में आलू के बीज उत्पादन की इंडस्ट्री लगाने का भी वादा किया। इससे किसानों को पंजाब से बीज मंगाने की मजबूरी खत्म होगी।

चार इंडस्ट्रियल एस्टेट से रोजगार

शाह ने कहा कि प्रदेश में चार इंडस्ट्रियल एस्टेट बनाए जाएंगे, जिनमें एक विष्णुपुर में स्थापित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता सरकार के कार्यकाल में हजारों उद्योग प्रदेश से चले गए। भाजपा सरकार बनने पर युवाओं को उनके घर के पास ही रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही अन्नपूर्णा योजना के तहत हर महिला को प्रति माह 3000 रुपये देने का वादा किया।

चुनावी हिंसा पर सख्त रुख

अपने संबोधन में शाह ने आरजीकर अस्पताल और संदेशखाली की घटनाओं का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और सरकार बनते ही सभी का हिसाब होगा।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 300 कार्यकर्ता चुनावी हिंसा के शिकार हुए हैं। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कोई भी उपद्रव करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महिलाओं की सुरक्षा व अन्य वादे

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को चौबीसों घंटे सुरक्षा दी जाएगी। सरकारी कर्मचारियों के लिए 45 दिनों के भीतर सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू की जाएंगी। साथ ही महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त यात्रा और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू की जाएंगी।