Loksabha Election 2019: उत्तराखंड के छह विधानसभा क्षेत्रों में महिलाएं निर्णायक
इसबार लोकसभा चुनावों में महिला मतदाता खासी अहम भूमिका में रहेंगी। उत्तराखंड की छह विधानसभाओं में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है।
By Edited By: Published: Sat, 30 Mar 2019 08:36 PM (IST)Updated: Sun, 31 Mar 2019 04:42 PM (IST)
देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड की पांच सीटों पर होने वाले लोकसभा चुनावों में महिला मतदाता खासी अहम भूमिका में रहेंगी। विशेषकर प्रदेश की अल्मोड़ा व पौड़ी गढ़वाल संसदीय सीट की छह विधानसभा सीटों पर ये निर्णायक भूमिका निभाएंगी। कारण यह कि इन छह विधानसभा सीटों पर महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है।
उत्तराखंड में पांच लोकसभा सीटें हैं। प्रदेश के कुल 13 जिलों के अंतर्गत आने वाली 70 विधानसभा सीटों को इनमें बांटा गया है। हर एक लोकसभा सीट में 14 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। ऐसे में प्रत्याशियों के लिए एक-एक विधानसभा सीट बेहद अहम है। इस बार विशेष यह कि प्रदेश की अल्मोड़ा संसदीय सीट पर चार व पौड़ी संसदीय सीट पर दो विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां महिला मतदाता पुरुष मतदाता की तुलना में अधिक हैं।
इसके अलावा पांच विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां पुरुष व महिला मतदाताओं के बीच एक हजार का अंतर भी नहीं है। पौड़ी लोकसभा सीट की बात करें तो यहां केदारनाथ व चौबट्टाखाल दो ऐसी विधानसभा हैं जहां महिला मतदाता पुरुषों की तुलना में अधिक हैं। कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग विधानसभा में पुरुष व महिला मतदाताओं के बीच केवल 500 का ही अंतर है।
अल्मोड़ा लोकसभा सीट में धारचूला, पिथौरागढ़, डीडीहाट और द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। इसे देखते हुए राजनीतिक सभी प्रत्याशी यहां महिला विकास और उत्थान संबंधी मुद्दों को ही अधिक उठा रहे हैं।
मतदाता बनने में भी महिला वोटर आगे
प्रदेश में 31 जनवरी के बाद मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने का काम शुरू हुआ। इसमें भी महिला मतदाताओं ने खासी रुचि दिखाई है। प्रदेश में इस अवधि में 140107 नए मतदाता बनाए गए। इनमें ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली व उत्तरकाशी यानी 10 जिलों में पुरुषों से अधिक महिला मतदाताओं के नाम शामिल किए गए। हालांकि नई सूची में 71 हजार पुरुष तो 69 हजार महिला वोटरों के नाम शामिल हुए हैं।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें