Move to Jagran APP

सीएम का सस्पेंस बरकरार, भाजपा विधायक दल की बैठक में होगा फैसला

उत्‍तराखंड विधानसभा चुनाव नतीजों के पांच दिन बाद भी उत्तराखंड में भाजपा ने मुख्यमंत्री के चेहरे से पर्दा नहीं हटाया है।

By Sunil NegiEdited By: Published: Fri, 17 Mar 2017 10:13 AM (IST)Updated: Fri, 17 Mar 2017 10:16 AM (IST)
सीएम का सस्पेंस बरकरार, भाजपा विधायक दल की बैठक में होगा फैसला
सीएम का सस्पेंस बरकरार, भाजपा विधायक दल की बैठक में होगा फैसला
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: विधानसभा चुनाव नतीजों के पांच दिन बाद भी उत्तराखंड में भाजपा ने मुख्यमंत्री के चेहरे से पर्दा नहीं हटाया है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री बनने वाले नेता का नाम तो तय कर दिया है लेकिन शुक्रवार अपराह्न तीन बजे देहरादून में होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद ही मुख्यमंत्री का नाम घोषित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार त्रिवेंद्र सिंह रावत नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर गुरुवार शाम देहरादून लौट आए। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने भी गुरुवार शाम भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात की।
उत्तराखंड में तीन-चौथाई से ज्यादा बहुमत पाने के बाद भी भाजपा ने अब तक उत्तराखंड में नेता विधायक दल, यानी मुख्यमंत्री का नाम घोषित नहीं किया है। गुरुवार को भी दिनभर घटनाक्रम और इसी के मुताबिक नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर दावे भी बदलते रहे।
कभी पूर्व मंत्री व पार्टी के झारखंड प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत को अंतिम दौर में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में अव्वल बताया गया तो कभी पूर्व मंत्री प्रकाश पंत को। पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल महाराज और पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के नामों को लेकर भी चर्चा सरगर्म रही।
बुधवार शाम अचानक नई दिल्ली रवाना हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार त्रिवेंद्र सिंह रावत राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर गुरुवार देर शाम देहरादून लौट आए। 'जागरण' से बातचीत में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को नवीनतम राजनैतिक हालात से अवगत कराया। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला विधायक दल की बैठक में ही होगा। देहरादून में मौजूद मुख्यमंत्री पद के दूसरे सशक्त दावेदार पूर्व मंत्री प्रकाश पंत ने भी मुख्यमंत्री के नाम का फैसला विधायक दल की बैठक में होने की बात कही।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने गुरुवार शाम नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भेंट की। भेंट के बाद भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को उत्तराखंड के ताजा राजनैतिक हालात से अवगत कराया गया। हालांकि मुख्यमंत्री के नाम पर उन्होंने केवल यही टिप्पणी की कि मुख्यमंत्री कोई भाजपा कार्यकर्ता ही बनेगा। 
उन्होंने बताया कि भाजपा विधायक दल की बैठक शुक्रवार अपराह्न तीन बजे देहरादून में होगी। इसमें पर्यवेक्षक व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर तथा राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडे भाग लेंगी। साथ ही चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू भी बैठक में सम्मिलित होंगे। सभी भाजपा विधायकों को बैठक में आवश्यक रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दे दिए गए हैं।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.