Move to Jagran APP

उत्‍तराखंड: भाजपा विधायकों का देहरादून में जुटना शुरू

उत्‍तराखंड विधानसभा चुनाव 2017 के परिणाम आने के पांच दिन बाद भी मुख्यमंत्री पद के लिए बुधवार शाम तक नाम तय नहीं हुआ, लेकिन भाजपा विधायक देहरादून में जुटना शुरू हो गए।

By Sunil NegiEdited By: Published: Thu, 16 Mar 2017 11:07 AM (IST)Updated: Fri, 17 Mar 2017 04:00 AM (IST)
उत्‍तराखंड: भाजपा विधायकों का देहरादून में जुटना शुरू
उत्‍तराखंड: भाजपा विधायकों का देहरादून में जुटना शुरू
देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: राज्य में विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के पांच दिन बाद भी मुख्यमंत्री पद के लिए बुधवार शाम तक नाम तय नहीं हुआ, लेकिन भाजपा विधायक देहरादून में जुटना शुरू हो गए। 70 में से 57 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद माना जा रहा था कि होली के तुरंत बाद भाजपा सरकार बना लेगी, लेकिन पार्टी में सीएम पद के लिए कई दावेदार होने के कारण पार्टी को फैसला लेने में देरी हुई है। इस बीच शहर से लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक में कयासबाजी का दौर चल रहा।
बुधवार को भी भाजपा प्रदेश मुख्यालय में तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाजाही लगी रही। सीएम की दौड़ में शामिल प्रबल दावेदार प्रकाश पंत भी इस दौरान मुख्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने जोश के साथ उनका स्वागत किया। उनके अलावा टिहरी विधायक धन सिंह नेगी, बागेश्वर विधायक चंदन राम दास, लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत भी मुख्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। 
इस दौरान मुख्यालय में सीएम पद के दावेदार को लेकर चर्चाओं का जोर रहा। तमाम कार्यकर्ता यह जानने को उत्सुक दिखे कि सीएम कौन बन रहा है। हालांकि, दिनभर कयासबाजी के अलावा कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। कुछ कार्यकर्ताओं ने त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम पर मुहर लगने की चर्चाओं को हवा दी, तो कुछ प्रकाश पंत का पलड़ा भारी बताते रहे। कुल मिलाकर कयासबाजी के अलावा किसी के भी पास कोई ठोस आधार नहीं था। 
वहीं, इस दौरान मीडिया से बातचीत में विधायक प्रकाश पंत ने कहा कि वे पार्टी के एक आम कार्यकर्ता हैं। पार्टी जिसे भी विधायक दल का नेता तय करेगी, उसके साथ काम किया जाएगा। हालांकि, एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर उन्हें मौका मिलता है तो भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट के अनुसार राज्य के आर्थिक विकास पर ध्यान दिया जाएगा, कर्ज कम करने के विकल्प तैयार किए जाएंगे, राज्य के करीब 30 लाख बेरोजगारों को रोजगार दिया जाएगा और पलायन की समस्या के लिए ठोस नीति बनाकर काम किया जाएगा। 
इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा के सामने सीएम का नाम तय करने की चुनौती नहीं है, असल चुनौती जनता की भावनाओं का सम्मान करने की है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है, अब पार्टी का लक्ष्य है कि जनभावनाओं पर खरा उतरा जाए।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.