UP Assembly Election 2017: अमेठी में है दिलचस्प मुकाबला, दो रानियां चुनावी मैदान में
हालांकि जांच बाद उन्हें सब कुछ सही मिला। आरओ ने कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन को सही करार दिया है।
जागरण संवाददाता, अमेठी : अमेठी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी गरिमा सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी अमीता सिंह के नामांकन पत्र में पति के रूप में डॉ. संजय सिंह के नाम दर्शाए जाने पर आपत्ति जताई है। उनके अधिवक्ता ने शुक्रवार को रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष पत्र सौंपा। हालांकि जांच के बाद उन्हें सब कुछ सही मिला। आरओ ने कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन को सही करार दिया है। अब अमेठी की लड़ाई बेहद रोचक नजर आ रही है, जहां रानी के खिलाफ एक रानी ने मोर्चा संभाला है।
शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच की जा रही थी, जिसमें अमेठी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार गरिमा सिंह के अधिवक्ता एसडी कौटिल्य ने रिटर्निंग अधिकारी को शिकायती पत्र सौंप अमेठी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अमीता सिंह द्वारा नामांकन पत्र में पति का नाम डॉ. संजय सिंह दर्शाया गया है। जबकि हिंदू रीति रिवाज में बिना तलाक के दूसरी शादी नहीं की जा सकती है।
इसके बाद भी उन्होंने नाम का प्रयोग किया। आरओ अशोक कुमार कनौजिया को सौंपे गए पत्र में उन्होंने लखनऊ उच्च न्यायालय व सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी आदेश की प्रति भी लगाई थी। आरओ ने नामांकन पत्र की जांच कराने के साथ ही आयोग को भी सूचित किया, जिसमें नामांकन को सही करार दिया गया है। आरओ अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत नामांकन पत्र सही है। इसलिए पर्चा खारिज नहीं किया गया है।