अतीत के आइने से : सीएम नरेंद्र मोदी ने प्रचार में तंबाकू रगड़ रहे सिपाही पर कसा तंज
भाषण से पूर्व सामने देखा तो सुरक्षा में तैनात एक सिपाही अपनी हथेली पर तंबाकू रगड़ रहा था। उस पर तंज कसते हुए कहा था कि सब अपना काम कर रहे हैं।
जौनपुर, जेएनएन। ग्राम विकास इंटर कालेज का मैदान आज भी कई सियासी सूरमा के चुनाव प्रचार में हेलीकाप्टर लैंड होने की याद दिलाता रहता है। यहां नरेन्द्र मोदी, लालू यादव और मुलायम सिंह यादव सहित कई दिग्गज नेता चुनावी रैली कर अपनी आवाज बुलंद कर चुके हैं। जाहिर सी बात है कि इतनी सभाएं हुईं तो कुछ रोचक प्रसंग भी होंगे। ऐसा ही एक रोचक प्रसंग पीएम मोदी से भी जुड़ा है, जब खैनी बना रहे सिपाही की उन्होंने चुटकी ली थी।
ग्यारह साल पहले वर्ष 2007 का विधानसभा चुनाव था। उस समय विधानसभा क्षेत्र खुटहन था। भाजपा से वर्तमान प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ताल ठोक रहे थे। एक ही दिन विधानसभा क्षेत्र के दो अलग अलग स्थान ग्राम विकास इंटर कालेज खुटहन के मैदान में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और यहां से लगभग आठ किमी दूर बदलापुर क्षेत्र के मुंशी गणेश राम इंटर कालेज बटाऊबीर में मुलायम सिंह यादव का आगमन हो रहा था।
मोदी की सभा में उस समय मात्र ढाई-तीन हजार की भीड़ ही मैदान में मौजूद थी। लेकिन उन्होंने इसकी कोई फिक्र नहीं की। अभिवादन स्वरूप दोनों हाथ हिलाते मंच पर पहुंचे। भाषण से पूर्व सामने देखा तो सुरक्षा में तैनात एक सिपाही अपनी हथेली पर तंबाकू रगड़ रहा था। उस पर तंज कसते हुए कहा था कि सब अपना काम कर रहे हैं। सिपाही भी अपने काम में मस्त हैं। जिस पर पूरी भीड़ जोर से हंस पड़ी। जाते-जाते उन्होंने कहा था कि अगर हमें सौ के बदले पांच समर्पित कार्यकर्ता मिलें तो वे 500 पर भी भारी होते हैं। इस घटना को लोग आज भी याद करते हैं।