Move to Jagran APP

UP Elections: भाजपा अध्यक्ष के मेगा रोड शो से भगवामय गोरखपुर

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के गोरखपुर मेगा रोड शो ने कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। अमित शाह ने छह किमी की यात्रा साढ़े चार घंटे में तय की।

By Nawal MishraEdited By: Published: Thu, 02 Mar 2017 09:19 PM (IST)Updated: Thu, 02 Mar 2017 11:46 PM (IST)
UP Elections: भाजपा अध्यक्ष के मेगा रोड शो से भगवामय गोरखपुर
UP Elections: भाजपा अध्यक्ष के मेगा रोड शो से भगवामय गोरखपुर

गोरखपुर (जेएनएन)। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के मेगा रोड शो ने कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। छठवें चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन गोरखपुर की सड़क पर रोड शो करने उतरे अमित शाह ने छह किमी की यात्रा साढ़े चार घंटे में तय की। टाउनहाल से लेकर रेती चौक, लालडिग्गी होते हुए विजय चौराहा तक की सड़क पर भीड़ इतनी थी कि तिल रखने की जगह नहीं थी। भीड़ देख गदगद शाह ने लोगों का आह्वान किया कि वे प्रदेश से गुंडा और माफिया वाली सपा सरकार को उखाड़ फेंके। उनके साथ रथ पर सदर सांसद महंत आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर भी मौजूद थे।

loksabha election banner
भगवा साड़ी में महिला कार्यकर्ता रोड शो का खास आकर्षण थीं तो भाजपा की छतरी, झंडे, मोदी-शाह के कटआउट और मुखौटे लगाए कार्यकर्ताओं का उत्साह शीर्ष नेतृत्व के चेहरे की भी चमक बढ़ा रहा था। छह किलोमीटर लंबे सफर में जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शाह का स्वागत किया गया वहीं ढोल नगाड़ों के बीच जय श्रीराम, वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे फिजा में अलग ही लहर पैदा कर रहे थे। रोड शो मे शामिल होने के लिए सांसद आदित्यनाथ के साथ अमित शाह दोपहर 1:15 बजे टाउन हाल पहुंचे। भाजपा के स्टीकर, झंडे व फूलों से सजे केसरिया रथ पर सवार होकर उन्होंने सबसे पहले हजारों कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। रथ के आगे-पीछे हजारों कार्यकर्ता पार्टी और नेताओं के नारे लगाते हुए आगे बढऩे लगे।
छतों से की पुष्प वर्षा
घोष कंपनी, माया बाजार, रेती चौक पर व्यापारियों और कार्यकर्ताओं ने रथ को रोककर स्वागत किया। कई जगह पुष्प वर्षा भी की गई। घंटाघर में महिलाओं ने आरती उतारी। साहबगंज से घासीकटरा की संकरी सड़क पर रोड शो देखने के लिए लोग छतों पर चढ़े नजर आए। भीड़ का आलम ये रहा कि टाउनहाल से गीता प्रेस तक तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में भी दो घंटे से अधिक समय लग गया। पांच बजे से पहले रोड शो खत्म करने के लिए जटाशंकर से विजय चौराहा तक कार्यकर्ताओं को दौड़ लगानी पड़ी। रोड शो की समाप्ति के बाद अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश का विकास ठप हो गया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीकांत जैन, सांसद शिव प्रताप शुक्ल, सांसद हरीश द्विवेदी, सांसद जगदंबिका पाल चौधरी भी मौजूद रहे। 
नियंत्रित करते रहे कार्यकर्ता
आयोजन की सफलता के लिए भाजपाइयों ने इसकी मुकम्मल तैयारी की थी। हर चौराहे और सड़क पर अलग-अलग टीमों में लगे कार्यकर्ता भीड़ को नियंत्रित करते रहे। यही नहीं जगह-जगह स्टाल लगाकर लोगों को पानी भी वितरित कराया गया। व्यापारियों ने रोड शो में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। तकरीबन 55 संगठनों ने अलग-अलग जगहों पर रोड शो पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। 

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.