यूपी चुनाव 2017: राहुल के मोदी पर प्रहारों का स्मृति ईरानी ने दिया जवाब
राहुल गांधी के नरेंद्र मोदी पर किए तीखे प्रहार का केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जवाब दिया और कहा कि राहुल को गुंडों का साथ पसंद है।
लखनऊ (जेएनएन)। राहुल गांधी के नरेंद्र मोदी पर किए तीखे प्रहार का केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जवाब दिया। कहा, कि जिन्हें पहले भ्रष्ट बताते थे, चुनाव आया तो अब उन्हें ही गले लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के नाम पर चलाई गई प्रियदर्शनी योजना का लाभ दिलाने के लिए गरीब महिलाओं से फार्म भरवाए गए, लेकिन इन समूहों का भुगतान नहीं हुआ। राहुल बताएं कि आखिर समूहों का पैसा कहां गया? ईरानी रायबरेली, बांदा और बनारस में आयोजित सभाओं को संबोधित कर रही थीं।
यह भी पढ़ें-UP Assembly Election:हार की आहट से अखिलेश यादव में बौखलाहट
राहुल कसते मोदी पर ताना
रायबरेली में उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सत्ता के दौरान जिले में खोली गई शीना फैक्ट्री एक साल में ही बंद हो गई। केंद्र को टैक्स का नुकसान हुआ। इसे फिर से शुरू कराने के लिए नरेंद्र मोदी की अगुआई में केंद्र सरकार अब तक केस लड़ रही है। ऐसे मोदी पर राहुल ताना कसते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में उड़ान अकादमी बनी तो बेरोजगारों को रोजगार दिलाने का सपना दिखाया गया। राहुल बताएं कि युवाओं को रोजगार दिलाना था तो अकादमी में उपाध्यक्ष होने के बाद भी उन्होंने कनाडा की कंपनी को कांट्रैक्ट क्यों दिया। इसी तरह बंदी की कगार पर पहुंची आइटीआइ फैक्ट्री को मुद्दा बनाकर केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस उपाध्यक्ष पर तंज कसे। कहा कि जिस फैक्ट्री का कांग्रेस ने साथ छोड़ दिया था, उसे फिर से खड़ा करने के लिए मोदी सरकार ने हाथ बढ़ाया। कर्मचारियों की सेलरी के लिए 500 और 1100 करोड़ का काम दिलाया।
यह भी पढ़ें-UP election 2017: भाजपा नेताओं ने माना, अपने गढ़ों से साफ हो गई सपा
राहुल को गुंडों का साथ पसंद
बांदा में ईरानी ने कहा कि सत्ता के लिए राहुल को गुंडों का साथ पसंद है। इसीलिए उन्होंने अखिलेश से गठबंधन किया है। स्मृति ने कहा कि जब बांदा की गरीब बेटी के साथ शोषण हो रहा था तब क्यों चुप बैठे थे राहुल। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा की सरकार बनी तो भूमिहीन किसानों को दो लाख के बीमे का लाभ देकर आर्थिक सुरक्षा दी जाएगी। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर अंगुली उठाते हुए कहा कि यहां गरीब के बच्चे को टाट पर बैठाया जाता है। भाजपा की सरकार इस भेदभाव को तो दूर करेगी ही, बेटियों को निश्शुल्क शिक्षा दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2017: गुजरात के गधों का प्रचार न करें सदी के महानायक
स्मृति ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शाम बनारस पहुंचीं। मलदहिया में पूर्व निर्धारित महिला कार्यकर्ता सम्मेलन में वह बोलीं, दशकों से अमेठी और रायबरेली पर गांधी परिवार ने ही राज किया लेकिन कोई विकास नहीं किया। अब मोदी वहां का विकास कर रहे हैं। चलते-चलते मीडिया से मुखातिब केंद्रीय मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि गुजरात का अपमान करने वालों को यूपी की जनता भी जवाब देगी। उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन भी किए।