डोनाल्ड ट्रंप बोले, जीतने पर ही स्वीकार करूंगा चुनाव परिणाम
रिपब्लिकन पार्टी और अमेरिका के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार कुछ कहें और बवाल ना हो ऐसा हो नहीं सकता। उन्होंने कहा कि अगर वो जीते तो ही चुनाव परिणाम को स्वीकार करेंगे। अगर हार गए तो...
डेलावेयर, ओहियो, रॉयटर। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने एक बयान देकर फिर विवाद पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर वो जीतेंगे तभी चुनाव के नतीजे स्वीकार करेंगे। तो क्या ट्रंप जीतेंगे तभी परिणाम को स्वीकार करेंगे अगर हार गए तो ! उन्होंने साफ कहा कि अगर संदिग्ध नतीजे आते हैं तो वो कानूनी चुनौती भी दे सकते हैं।
ट्रंप के इस बयान के बाद वहां के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है और लोग हैरान हैं। दरअसल डोनाल्ड ट्रंप ने ये बयान आखिरी प्रेसिडेंशियल डिबेट में हिस्सा लेने के दौरान कही। इस बयान पर उनकी प्रतिद्वंदी हिलेरी क्लिंटन ने उनके इस बयान को खौफनाक तो वहीं अमेरिकी मीडिया ने इसे लोकतंत्र का अपमान करार दिया है।
ट्रंप पिछले कुछ हफ्तों से लगातार चुनाव में धांधली की आशंका जता रहे हैं। इस संबंध में बहस के संचालक क्रिस वालेस ने उनसे पूछा कि क्या वह शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता में बदलाव का साथ देंगे? इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि वो समय आने पर इसका जवाब देंगे। तब तक वो लोगों को संदेह में रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि प्राइमरी चुनावों के दौरान ट्रंप ने उम्मीदवार घोषित नहीं करने पर रिपब्लिकन पार्टी को हिंसा की धमकी दी थी।
बेटी बोली, पिता नतीजा करेंगे स्वीकार
इन सब के बीच ट्रंप की बेटी इवांका ने कहा है कि उनके पिता चुनावी नतीजों का सम्मान करेंगे। एमएसएनबीसी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि वो वैकल्पिक नतीजों के बारे में बात नहीं करना चाहती। उनके पिता जीतने के लिए मैदान में हैं। आखिर में वे जीतें या हारें, वो नतीजों का सम्मान करेंगे।
34 साल की इवांका ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन की उपाध्यक्ष हैं और पिता के चुनावी अभियान पर उनका काफी प्रभाव माना जाता है।
बेटा बोला, राजनीति में नए हैं डैड
ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर का मानना है कि उनके पिता राजनीति में नए हैं और इस वजह से उनके पिता को राष्ट्रपति चुनाव में संघर्ष करना पड़ रहा है। आखिरी बहस के बाद जूनियर ने कहा कि उनके पिता को राजनीति में आए महज एक साल ही हुआ है। कल्पना कीजिए, यदि वे अपनी पूरी जिंदगी यही करते तो वह दुनिया के इतिहास में सबसे अच्छे नेता होते।
दुष्ट महिला बताने पर बवाल
बहस के दौरान जब हिलेरी सामाजिक सुरक्षा योजना पर बात कर रही थीं तो ट्रंप ने उन्हें 'दुष्ट महिला' कह दिया। सोशल मीडिया में इस पर बवाल मच गया। एक ही घंटे में ट्रंप की तीखी आलोचना करते हुए 30 हजार से ज्यादा ट्वीट किए गए।
पढ़ें- US में राष्ट्रपति प्रत्याशी ट्रंप ने पाक को धोया, भारत में खुला चुनावी वार रूम
पढ़ें- ट्रंप-हिलेरी की आखिरी बहस में भारतीय अर्थव्यवस्था की गूंज