यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Telangana Polls: 'तेलंगाना में बनेगी BJP की बुलडोजर सरकार, अपराधियों का होगा सफाया', केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने KCR पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने बुधवार को कहा कि अगर तेलंगाना में भाजपा की सरकार बनती है तो अपराधियों ...और पढ़ें

एएनआई, हैदराबाद। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने बुधवार को कहा कि अगर तेलंगाना में भाजपा की सरकार बनती है तो अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा की बुलडोजर सरकार तेलंगाना में अपराध को खत्म कर देगी।
जी किशन रेड्डी का केसीआर पर हमला
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी बुधवार को हैदराबाद में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में यूपी सरकार का मॉडल लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में गरीब मुसलमानों की जमीनों पर अवैध व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और मैरिज हॉल बनाए गए हैं। अगर तेलंगाना में भाजपा की बुलडोजर सरकार बनती है, तो यूपी सरकार की तर्ज पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर किया हमला
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस की सरकार बनती है, वहां अपराध और उग्रवाद की घटनाओं में वृद्धि हो जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में सांप्रदायिक मुद्दे और कानून व्यवस्था की समस्या बढ़ जाती है।
कांग्रेस ने केसीआर को बताया झूठा
इधर, आंध्र प्रदेश के कांग्रेस प्रमुख गिदुगु रुद्र राजू ने तेलंगाना में कहा कि यहां कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री केसीआर पर दलितों के प्रति भेदभाव करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि केसीआर ने दलित सीएम बनाने का वादा किया था, लेकिन वह अपने वादे से मुकर गए।
कांग्रेस नेता ने बीआरएस पर निशाना साधते हुए कहा,
केसीआर ने दलित मुख्यमंत्री का वादा किया था, लेकिन उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने दलितों के लिए तीन एकड़ जमीन देने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं किया। उनके कार्यकाल में तेलंगाना में बेरोजगारी बढ़ रही है।
बता दें कि तेलंगाना में 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं, तीन दिसंबर को मतगणना होगी। तेलंगाना में भाजपा, बीआरएस और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है।
