यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan Assembly Elections: 'प्रधानमंत्री मोदी लाख कोशिश करें , लेकिन राजस्थान में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी', चुनावी रैली में बोले मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहे जितनी कोशिश करें लेकिन राजस्थान में एक ...और पढ़ें

पीटीआई, जयपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहे जितनी कोशिश करें, लेकिन राजस्थान में एक बार फिर कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। उन्होंने ‘अमीर लोगों को और अमीर तथा गरीबों को और गरीब बनाने का काम’ करने के लिए भाजपा पर भी निशाना साधा। वह वैर (भरतपुर) में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी, लाख कोशिश करें लेकिन (राजस्थान में) इस बार फिर से कांग्रेस ही आएगी।’’ राज्य में विधानसभा चुनाव 25 नवंबर को है और वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी। खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा अमीर लोगों को और अमीर और गरीब लोगों को और गरीब बनाने का काम करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘उनको गरीब को गरीब ही रखना है तथा अमीर को और अमीर बनाना है इसलिए वे हमेशा अपने मित्रों और दोस्तों को फायदा पहुंचाते हैं जबकि कांग्रेस गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए काम करती है।’’
उन्होंने कहा,‘‘हम गरीबों के लिए कुछ बोलें तो प्रधानमंत्री बोलते हैं ये सब रेवड़ी, पैसे बांट रहे हैं… गहलोत पूरा खजाना गरीबों पर लुटा रहे हैं …इससे क्या फायदा होगा? यह उनका कहना है… अरे भाई, हम तो गरीब लोगों को दे रहे हैं… आपने तो अमीरों का 15 लाख करोड़ रुपए का कर्जा माफ किया … और जब हमने कहा कि किसानों का कर्जा माफ करो , तो आपने ऐसा नहीं किया।’’
उन्होंने कहा, ‘केंद्र युवाओं को गुमराह करने के लिए अग्निवीर योजना लेकर आया। अगर हमारी सरकार बनती है तो हम कोई रास्ता निकालेंगे।’
यह भी पढ़ें: Exclusive: 'किसी एक व्यक्ति के कहने से कोई मुख्यमंत्री नहीं बनता', सचिन पायलट का अहम बयान
